Brazil vs Costa Rica Preview: कोस्टा रिका के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करना चाहेगी ब्राजील
नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2018 प्रमुख दावेदार टीम कही जा रही 5 बार की विश्व विजेता ब्राजील शुक्रवार को सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में कोस्टा रिका के खिलाफ खेले जाने वाले ग्रुप-ई के अपने दूसरे मैच में जीत के इरादे से उतरेगी। ब्राजील के लिए यह अच्छी खबर है कि नेमार ने बुधवार को ट्रेनिंग में हिस्सा लिया। वह स्विट्जरलैंड के खिलाडियों द्वारा जानबूझकर मारी गई टक्कर से उबरते दिख रहे हैं।
ब्राजील के फीफा वर्ल्डकप 2018 में प्रदर्शन को बहुत कुछ दारोमदार उसके स्टार खिलाड़ी नेमार पर है। उनकी फिटनेस को लेकर उठे संदेह ने ब्राजील के फुटबॉलप्रेमियों की चिंता बढ़ा दी थी। बहरहाल ब्राजील फुटबॉल संघ ने सभी को आश्वस्त किया है कि यह शानदार खिलाड़ी वर्ल्डकप के लिए पूरी तरह से फिट है। पहले मैच में स्विट्जरलैंड ने ब्राजील को 1-1 से ड्रॉ पर रोक अंक बांटने पर मजबूर कर दिया था।
ब्राजील अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। अंतिम-16 में जाने के लिए उसे हर हाल में जीत की दरकार है। इस मैच में ड्रॉ उसे दूसरी टीमों पर निर्भर कर देगा तो हार उसे बाहर का रास्ता दिखा सकती है। पहले मैच में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार अपना जादू नहीं दिखा पाए थे।
कोस्टा रिका को बेशक सर्बिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन उसका डिफेंस उस मैच में शानदार रहा था। ब्राजील के लिए कोस्टा रिका के डिफेंस को भेद पाना चुनौती रहेगा। ब्राजील की टीम संतुलित है और वह इस मैच को जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। टीम के कोच टिटे की कोशिश होगी इस मैच में टीम पुरानी गलतियां न दोहराए, वह रणनीति में भी बदलाव कर सकते हैं। नेमार के अलावा टीम के पास मार्सेलो, फिलिपे कोटिन्हो, डॉगल्स कोस्टा जैसे दिग्गज हैं। कागजों में ब्राजील का 4-2-3-1 का फॉर्मेशन कासेमीरो और पॉलिन्हो के साथ अच्छा दिख रहा है।
कोस्टा रिका की अगर बात की जाए तो उसने पिछले मैच में अच्छा खेल दिखाया था, लेकिन किस्मत शायद उसके साथ नहीं थी। सर्बिया के कप्तान अलेक्जेंडर कोलारोव ने फ्री किक के जरिए किए गए गोल के दम पर कोस्टा रिका को हार को मजबूर कर दिया था। ब्राजील जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ वह अच्छी तैयारी से उतरेगी। इस मैच में कोस्टा रिका के डिफेंस को पहले मैच से बेहतर खेल दिखाना होगा क्योंकि नेमार, कोस्टा और मिडफील्डर पॉलिन्हो उसकी कड़ी परीक्षा लेंगे। कोस्टा रिका के स्ट्राकर मार्को यूरेना को विश्वास है कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।
ब्राजील vs कोस्टा रिका - 05:30PM - सेंट पीटर्सबर्ग
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
