नई दिल्ली। दुनिया में सबसे ज्यादा खेले जाने वाले खेल फुटबॉल का नाम जब भी आता है तो लोग रोनाल्डो-मेसी को याद करते हैं। लेकिन इस लिस्ट में कई ऐसे भी नाम हैं जो दुनिया में अपनी अलग पहचान के साथ बड़ा मुकाम हासिल कर रहे हैं। इन्हीं में एक हैं रोमेलू लुकाकू, बेल्जियम के इस धाकड़ स्ट्राइकर रोमेलू लुकाकु ने पनामा के खिलाफ दो गोल दागकर विश्व कप फुटबॉल में शानदार तरीके से शुरुआत की थी।
हालांकि इस खिलाड़ी के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं कि इसने शुरुआत कैसे की थी। अज अपनी स्किल और रफ्तार से अच्छे-अच्छे डिफेंडर्स को चकमा देने वाला ये खिलाड़ी कभी बेहद गरीब था। लुकाकु ने एक इंटरव्यू में अपनी गरीबी के दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वह छोटे थे तो उनके घर में खाने की कमी होती थी और कभी कभार वह अंधेरे में प्रार्थना करते थे, क्योंकि उनके पास अपार्टमेंट में बिजली का बिल भरने के लिए धन नहीं होता था।
उन्होंने कहा, 'हमारे पास इतना पैसा नहीं होता था कि हम पूरे हफ्ते के अंत तक की जरूरतों को पूरा कर सकें। हम सिर्फ गरीब ही नहीं थे, बल्कि बहुत गरीब थे।' 25 वर्षीय लुकाकु ने कहा, 'मेरे पिता पेशेवर फुटबॉलर थे, लेकिन वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव में थे और सारा पैसा खत्म हो चुका था।' इस फॉरवर्ड ने याद करते हुए कहा कि वह सिर्फ 6 साल के थे जब उन्हें अपने परिवार की गरीबी का अहसास हुआ था।
लुकाकू के घर में गरीबी इतनी थी कि एक बार उन्होंने अपनी मां को दूध में पानी मिलाते हुए देखा लिया था। वे पानी इसलिए मिला रहीं थी कि सभी के लिए पर्याप्त दूध हो सके। इसके बाद ही उन्होंने फैसला किया था कि पेशेवर फुटबॉल से वह अपने परिवार को गरीबी से बाहर निकालेंगे और उन्होंने अपनी प्रतिभा के बूते यह कर भी दिखाया।
लुकाकू अब दिग्गज प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर यूनाईटेड के साथ खेलते हैं। इससे पहले वह चेल्सी, वेस्ट ब्रोमविच एलबियोन और एवर्टन जैसे क्लबों में भी अपना हुनर दिखा चुके हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि वे दुनिया के टॉप 10 सबसे महंगे फुटबॉलर में शुमार हैं। फिलहाल वे अपनी टीम बेल्जियम को फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जिताने में डटे हैं।