नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप शुरू होने में बेहद कम समय बचा है। ऐसे में सभी टीमें अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर कर रही हैं। 14 जून से शुरू होने वाले इस महामुकाबले का फाइनल 15 जुलाई को रूस की राजधानी मॉस्को में खेला जाएगा। इस विश्वकप महामुकाबले में 32 टीमें हिस्सा लेंगी और उनके बीच 64 मुकाबले खेले जाएंगे। विश्वकप का आयोजन इस बार रूस कर रहा है, जिसके 11 शहरों में मैच खेले जाएंगे और फाइनल मुकाबला राजधानी मॉस्को के लुजनिकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार विश्वकप में 32 टीमों को 4-4 के आठ अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया। हर ग्रुप से चोटी की दो टीमें सीधे नॉकआउट स्टेज में जाएंगी। फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले 11 और 12 जुलाई को खेले जाएंगे।
वहीं खिताबी जंग 15 जुलाई को होगी। पिछली बार की चैंपियन जर्मनी को इस बार भी फेवरेट माना जा रहा है इसके अलावा रिकॉर्ड 5 बार की चैंपियन ब्राजील भी प्रमुख दावेदार है। हालांकि इन टीमों के सामने अर्जेंटीना और बेल्जियम जैसी टीमों का टैलेंटेड स्क्वॉड होगा जिससे पार पाना काफी मुश्किल माना जा रहा है। फीफा वर्ल्ड कप का पहला मैच मेजबान रूस और सऊदी अरब के बीच मास्को के लुज़्निकी में खेला जाएगा।
फीफा वर्ल्ड कप से पहले मायखेल आपको हर रोज उन 32 टीमों के बारे में बताएगा जो इस महाकुम्भ में हिस्सा ले रही हैं। आज हम बात कर रहे हैं स्विट्जरलैंड की।
देशः स्विट्जरलैंड
ग्रुपः E, इस ग्रुप में स्विट्जरलैंड के अलावा ब्राजील, सर्बिया और कोस्टा रिका भी हैं।
फिक्स्चर (मुकाबले):
स्विट्ज़रलैंड बनाम ब्राजील, 17 जून, 11.30PM (रोस्तोव-ऑन-डॉन)
स्विट्जरलैंड बनाम सर्बिया, 22 जून, 11.30PM (कैलिनिंग्राड)
स्विट्जरलैंड बनाम कोस्टा रिका, 27 जून, 11.30PM (निजनी नोवगोरोड)
फीफा रैंकिंगः 6
पिछला वर्ल्ड कपः 2014 के फीफा वर्ल्ड कप में राउंड ऑफ 16 में हारकर बाहर हो गई थी।
सबसे अच्छा प्रदर्शनः क्वार्टरफाइनल (1934, 1938, 1954)
स्टार प्लेयर्स: ग्रेनिट झाका (आर्सेनल), झेरडन शाकीरी (स्टोक सिटी), रिकार्डो रोड्रिगेज (मिलान)
कोच: व्लादिमीर पेटकोविच
फीफा वर्ल्ड कप 2018 के लिए स्विट्ज़रलैंड राहें आसान नहीं रहीं। 100 प्रतिशत रिकॉर्ड के साथ ग्रुप स्टेज के फाइनल में प्रवेश करने के बावजूद, फीफा वर्ल्ड कप के लिए स्विस टीम को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। लिस्बन में यूरोपीय चैंपियन पुर्तगाल से हारने के बाद, व्लादिमीर पेटकोविच की टीम ने खुद को प्ले-ऑफ में पाया।
कठिन रूस की राहें
उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर के प्लेऑफ में जीत हासिल कर फीफा विश्व कप में कदम रखने वाली स्विट्जरलैंड की टीम केवल शेरडान शाकीरी के दम पर मैदान में बाजी नहीं मार सकती। क्वालीफायर दौर में टीम को ग्रुप-बी में रखा गया था। उसने अपने नौ मैचों में लगातार जीत हासिल की थी। हालांकि, 10वें मैच में स्विट्जरलैंड को पुर्तगाल से हार का सामना करना पड़ा।
पुर्तगाल से मिली इस हार के कारण स्विट्जरलैंड को अच्छे प्रदर्शन के बावजूद गोल अंतर के तहत प्ले-ऑफ में खेलना पड़ा, हां उसने उत्तरी आयरलैंड को हराकर फीफा विश्व कप में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड को ग्रुप-ई में ब्राजील, कोस्टा रिका और सर्बिया जैसी टीमों के साथ शामिल किया है। ऐसे में उसने अपने प्रदर्शन में एक टीम के तौर पर सुधार लाना होगा। केवल कुछ खिलाड़ियों के दम पर वह विश्व कप में आगे नहीं बढ़ सकता। टीम के इतिहास पर अगर नजर डाली जाए, तो 1934, 1938 और 1954 में उसने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया है लेकिन पिछले तीन संस्करणों में वह अंतिम-16 दौर से आगे नहीं बढ़ पाया है।
हालांकि स्विट्जरलैंड को खारिज करना भूल होगी। क्योंकि अगर इस अनुभव और युवाओं से भरी टीम के लिए सब कुछ ठीक रहा तो वे ग्रुप स्टेज में दूसरे नंबर पर रह सकते हैं अंतिम 16 में भी पहुंच सकते हैं।
स्विट्जरलैंड के स्टार
भले ही पेटकोविच की टीम में युवाओं और अनुभवों का अच्छा मिश्रण है, लेकिन जिम्मेदारी का एक बड़ा हिस्सा उनके स्टार प्लेयर, शेरडीन शाकीरी के कंधों पर जरूर होगा जिन्हें 'अल्पाइन मेस्सी' भी कहा जाता है। इसके अलावा अनुभवी मैनुअल अकांजी स्विस टीम के बड़े चेहरे हो सकते हैं। इसके अलावा, स्विस टीम के लिए एक और मूल्यवान खिलाड़ी आर्सेनल मिडफील्डर ग्रेनाइट झाका है। हालांकि विश्व कप से पहले झाका को चोट लग गई थी, लेकिन उनके पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद है।
इन तीनों के साथ, मिश्रण में एसी मिलान के डिफेंडर रिकार्डो रोड्रिगेज भी हैं। एक फुल डिफेंडर, जो मौका पड़ने पर पैनाल्टी स्पेशलिस्ट काम काम कर सकता है। रोड्रिगेज की बदौलत स्विट्जरलैंड ने सोमवार को अपने फ्रैंडली मैच में स्पेन को 1-1 से ड्रॉ पर रोका था। रोड्रिगेज और कप्तान स्टीफन अच्छे खिलाड़ी, जो टीम के अटैक को मजबूती देते हैं।
गोल कौन करेगा!
ग्रेनिट पिछले साल अपने देश में प्लेयर ऑफ द ईयर रहे थे। ग्रेनिट का जिम्मा कोच व्लादीमीर पेट्कोविच की योजनाओं को लागू करना है। आर्सेनल के मिडफील्डर ने पिछले विश्व कप में अपने खेल से प्रभावित किया था। वह इस बार भी रूस में अपनी छाप छोड़ने को बेताब हैं। स्विट्जरलैंड टीम में 2015 के अंत तक काफी अंदरूनी कलह थी। लेकिन कोच व्लादीमीर पेट्कोविच ने इन सब पर काबू पा लिया है।
भविष्यवाणीः
स्विट्जरलैंड ग्रुप में ब्राजील के पीछे दूसरे नंबर पर रह सकता है। जिसके बाद कह सकते हैं कि उसे अंतिम 16 में मौजूदा चैंपियन जर्मनी का सामना करना पड़ सकता है। स्विट्जरलैंड का सबसे दिलचस्प मैच 17 जून को ब्राजील के खिलाफ होगा।