एशिया कप : गंभीर और धौनी का अर्धशतक, भारत अच्छी स्थिति में (लीड-4)
सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है और अभी भी नाबाद हैं।
भारत को यह मैच जीतने के लिए शेष 15 ओवरों में 5.93 रन प्रति ओवर की औसत से 89 रन बनाने हैं जबकि उसके आठ खिलाड़ी अभी बल्लेबाजी करने बाकी हैं। गंभीर 83 और धौनी 51 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने संभलकर खेलते हुए पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। इसी स्कोर पर वीरेंद्र सहवाग के रूप में भारत को पहला झटका लगा। सहवाग ने 32 गेंदों का सामना किया और एक चौके की मदद से सिर्फ 10 रन बनाए।
इसके बाद विराट कोहली गंभीर का साथ देने मैदान में उतरे। 18 वें ओवर में कोहली सईद अजमल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 18 रनों की पारी खेली। गंभीर और उनके बीच दूसरे विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी हुई।
कोहली के बाद गंभीर का साथ देने आए कप्तान धौनी ने सूझबूझ कर बल्लेबाजी की। 35 वें ओवर में शोएब अख्तर की गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 97 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले, सलमान बट्ट की 74 और कामरान अकमल की 51 रनों की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पाकिस्तानी टीम ने 49.3 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 267 रन बनाए।
स्थानीय रांगिरी मैदान पर पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाजों सलमान बट्ट और इमरान फरहत ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए टीम को सधी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। फरहत 25 रनों के निजी स्कोर पर पेवेलियन लौटे। उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया और तीन चौके जड़े। स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने उन्हें वीरेंद्र सहवाग के हाथों लपकवाया।
शोएब मलिक के रूप में पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा। वह 39 रन बनाकर जहीर खान की गेंद पर बोल्ड हुए। उन्होंने भी 46 गेंदों का सामना किया और तीन चौके जड़े। दूसरे विकेट के लिए मलिक और बट्ट के बीच 73 रनों की साझेदारी हुई।
मलिक के आउट होने के बाद पाकिस्तान के स्कोर में अभी दो रनों का ही इजाफा हुआ था कि बट्ट भी चलते बने। उन्होंने 85 गेंदों पर 74 रन बनाए। रविंद्र जडेजा की थ्रो पर वह रन आउट हुए।
इसके बाद उमर आमीन और उमर अकमल भी कुछ खास नहीं कर पाए और जल्दी-जल्दी चलते बने। आमीन ने पांच रन बनाए और अकमल ने 29 रनों की पारी खेली। आमीन को हरभजन सिंह ने आउट किया जबकि अकमल को जडेजा ने आउट किया।
44वें ओवर में 219 के स्कोर पर पाकिस्तान को उस वक्त तगड़ा झटका लगा जब अच्छे लय में दिख रहे उसके कप्तान शाहिद अफरीदी को प्रवीण कुमार ने आउट कर दिया। विकेट पर जाती एक गेंद पर अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट करार दिया।
अफरीदी ने 25 गेंदों पर 32 रन बनाए और इस दौरान दो चौके तथा एक छक्का लगाया। छठे विकेट के लिए उन्होंने कामरान अकमल के साथ 23 रनों की साझेदारी की।
अफरीदी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ऑल राउंडर अब्दुल रज्जाक सिर्फ तीन रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। उन्हें भी कुमार ने आउट किया।
इस दौरान संभल कर खेल रहे अकमल ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए और पाकिस्तान को सम्माजनक स्कोर तक पहुंचाया। इस बीच मोहम्मद आमेर के रूप में पाकिस्तान का आठवां विकेट गिरा। वह तीन रन बनाकर रन आउट हुए। अकलम ने आउट होने से पहले 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 41 गेंदों का सामना किया और दो चौके तथा तीन छक्के लगाए। कुमार ने उन्हें भी अपना शिकार बनाया।
50वें ओवर की तीसरी गेंद पर खान ने सईद अजमल को आउट कर पाकिस्तानी पारी को विराम दे दिया। इस मैच में यह उनका दूसरा विकेट था।
भारत की ओर से प्रवीण कुमार ने तीन तथा हरभजन सिंह और जहीर खान ने दो-दो विकेट लिए जबकि जडेजा को एक विकेट से संतोष करना पड़ा।
भारत इस टूर्नामेंट में बांग्लदेश के खिलाफ अपना पहला मैच जीत चुका है। दूसरी ओर श्रीलंका के खिलाफ एक कड़े मुकाबले में पाकिस्तानी टीम हार गई थी। भारतीय टीम का दारोमदार उसकी मजबूत बल्लेबाजी पर होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications