हम इस झटके से उबर जाएंगे : एजाज बट्ट
कराची, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने गुरुवार को कहा कि भारत सरकार द्वारा भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच जनवरी में खेली जाने वाली श्रंखला को रद्द करने से पीसीबी को जो झटका लगा है, उससे वह जल्दी ही उबर जाएगा।
बट्ट ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "हमें मालूम है कि भारतीय टीम के पाकिस्तान नहीं आने से पीसीबी को भारी वित्तीय क्षति होगी लेकिन पाकिस्तान का क्रिकेट इस झटके को झेलकर आगे बढ़ने का प्रयास करेगा।"
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ रिश्तों में आए तनाव के कारण गुरुवार को भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया।
सरकार ने बीसीसीआई को इस संबंध में लिखित तौर पर सूचित करते हुए मौजूदा हालात में टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने का निर्देश दिया है। बीसीसीआई ने इस खबर की पुष्टि करने के साथ-साथ पीसीबी को भी इसकी जानकारी दे दी है।
बट्ट ने कहा कि प्रस्तावित दौरा रद्द होने से पाकिस्तान ही नहीं भारत को भी नुकसान होगा। बट्ट ने कहा, "हमने इस श्रंखला को बचाने का हरसंभव प्रयास किया लेकिन दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के कारण हमारा प्रयास सफल नहीं हो सका। मेरा मानना है कि इस श्रंखला के रद्द होने से पूरे क्षेत्र में क्रिकेट प्रभावित होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications