बीबीसी संवाददाता, जोहानेसबर्ग से
आज से दक्षिण अफ़्रीका में फ़ुटबॉल का महामुक़ाबला शुरू हो रहा है. एक महीने तक चलने वाले इस खेल मेले के उदघाटन समारोह के लिए जम कर तैयारियाँ की गई हैं. संगीत और नाच-गान से भरपूर उदघाटन समारोह में देश-दुनिया के कई नामी-गिरामी चेहरे हिस्सा लेंगे.
पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने अपने संदेश में कहा है कि दक्षिण अफ़्रीका के लिए ये विश्व कप सिर्फ़ एक खेल भर नहीं है. मंडेला ने कहा है कि फ़ुटब़ॉल की शक्ति को दर्शाता है, जिसने अलग-अलग भाषा, धर्म, रंग और राजनीति के लोगों को एकजुट कर दिया है.
नोबेल पुरस्कार विजेता डेसमंड टूटू ने भी कहा है कि फ़ुटबॉल विश्व कप दक्षिण अफ़्रीका के लोगों को और क़रीब लाएगा. जानकार कहते हैं कि 16 साल पहले रंगभेद सरकार के अंत के बाद पहली बार दक्षिण अफ़्रीका में इतना उत्साह देखा जा रहा है.
छह साल पहले दक्षिण अफ़्रीका को विश्व कप की मेज़बानी मिली थी. उसके बाद से ही सरकार ने देश में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने और अपराध दर में कमी की कोशिश की है.
आयोजकों की मानें तो विश्व कप के दौरान दक्षिण अफ़्रीका में क़रीब तीन लाख विदेशी पर्यटक आएँगे. शुक्रवार को होने वाले उदघाटन समारोह में अमरीका के उप राष्ट्रपति जो बाइडन, मैक्सिको के राष्ट्रपति फिलिपे कैलडेरॉन और ज़िम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे शामिल होंगे.
दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति जैकब ज़ूमा और आर्चबिशप डेसमंड टूटू के भी उदघाटन समारोह में शामिल होने की उम्मीद है. राष्ट्रपति ज़ूमा ने कहा है कि इस विश्व कप के बाद उनका देश पहले जैसा नहीं होगा.
उन्होंने विश्व कप की मेज़बानी हासिल करने में नेल्सन मंडेला की भूमिका की सराहना की. विश्व कप फ़ुटबॉल के दौरान 32 टीमों के बीच कुल 64 मैच खेले जाएँगे. प्रतियोगिता का फ़ाइनल मैच 11 जुलाई को जोहानेसबर्ग के मशहूर सॉकर सिटी स्टेडियम में खेला जाएगा. सॉकर सिटी के अलावा देश के नौ अन्य स्टेडियमों में मैच खेला जाएगा.
सॉकर सिटी स्टेडियम में विश्व कप का उदघाटन होगा और पहला मैच मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका और मैक्सिको के बीच खेला जाएगा. इस स्टेडियम में 90 हज़ार लोग एक साथ मैच देख सकते हैं. उदघाटन मैच से पहले रंगारंग कार्यक्रम में अमरीकी रॉक स्टार आर केली अपना जलवा बिखेरेंगे.
जोहानेसबर्ग के अलावा रस्टेनबर्ग, पोलोकवाने, डरबन, प्रीटोरिया, ब्लूमफोंटेन, पोर्ट एलिज़ाबेथ और नेल्सप्रेट में फ़ुटबॉल मैचों का आयोजन होगा. मौजूदा चैम्पियन इटली की टीम अपना पहला मैच सोमवार को पराग्वे के ख़िलाफ़ खेलेगी. जबकि ख़िताब की एक और दावेदार ब्राज़ील की टीम मंगलवार को उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ मैदान में उतरेगी.
इस प्रतियोगिता में लोगों को दुनिया के मशहूर खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिलेगा, इनमें प्रमुख हैं- अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड के वेन रूनी. कई मशहूर खिलाड़ी घायल होने के कारण इस प्रतियोगिता से बाहर हैं. इनमें इंग्लैंड के कप्तान रियो फर्डिनेंड, डेविड बेकम, जर्मनी के कप्तान माइकल बलाक, घाना के माइकल एसियन और पुर्तगाल के नानी.