Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

एशिया कप : 15 साल बाद भारत बना एशियाई क्रिकेट का सरताज (राउंडअप)

भारत की जीत में पूरी टीम का अहम योगदान रहा। बल्लेबाजी में दिनेश कार्तिक ने सर्वाधिक 66 रनों की पारी खेली वहीं रोहित शर्मा ने 41 रन बनाए। आशीष नेहरा ने चार विकेट लेकर श्रीलंकाई पारी को ध्वस्त करने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने इस मैच में चार कैच लपके और एक स्टंप किया वहीं बल्लेबाजी में उन्होंने सधा प्रदर्शन करते हुए 38 रन बनाए।

दिनेश कार्तिक को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से नवाजा गया।

इस खिताबी मुकाबले में 269 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम महज 187 रनों ही ढेर हो गई। भारत की ओर से आशीष नेहरा ने श्रीलंका के चार खिलाड़ियों को पेवेलियन की राह दिखाई। जहीर खान और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट जबकि प्रवीण कुमार ने एक विकेट हासिल किए।

श्रीलंका की ओर से चमारा कापूदेगारा ने सर्वाधिक 55 रनों की पारी खेली। उनके अलावा थिलिना कैन्डैम्बी ने 31 और नुआन कुलसेकरा ने 20 रनों की पारी खेली।

श्रीलंका ने अच्छी लय में चल रहे सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा (16), तिलकरत्ने दिलशान (0), कप्तान कुमार संगकारा (17), माहेला जयवर्धने (11) और एंजेलो मैथ्यूज के रूप में 18वें ओवर में ही अपने पांच महत्वपूर्ण विकेट खो दिए थे।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति के बाद छह विकेट के नुकसान पर 268 रन बनाए थे। भारत की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने सर्वाधिक 66 रनों का योगदान दिया।

इसके अलावा कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 38, रोहित शर्मा ने 41, सुरेश रैना ने 29 और विराट कोहली ने 28 रन जोड़े। गौतम गंभीर (15) ने निराश किया। रवींद्र जडेजा (25) और हरभजन सिंह सात रन बनाकर नाबाद लौटे।

चोटिल वीरेंद्र सहवाग के स्थान पर टीम में जगह पाने वाले सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपने चयन को सार्थक साबित करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। कार्तिक ने 84 गेंदों पर नौ चौके लगाए। धौनी ने 50 गेंदों पर दो चौके लगाए जबकि कोहली ने 34 गेंदों पर चार चौके जड़े।

रोहित ने 52 गेंदों पर 41 रनों की उपयोगी पारी खेली। श्रीलंका की ओर से लसिथ मलिंगा और थिलिना कैन्डैम्बी ने दो-दो विकेट लिए। नुवान कुलसेकरा को भी एक सफलता मिली।

भारतीय टीम ने 15 साल बाद यह खिताब जीता। भारत ने 1995 में शारजाह में इस खिताब पर कब्जा किया था।

श्रीलंका की टीम ने 2006 और 2008 में लगातार दो बार इस खिताब पर कब्जा किया था लेकिन खिताबी हैट्रिक पूरा करने की उसकी कोशिशों को भारत ने नाकाम कर दिया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:39 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+