त्रिकोणीय श्रृंखला : श्रीलंका के सामने 269 रनों का लक्ष्य (लीड-4)
हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 268 रन बनाए। एक समय भारतीय टीम संकट में थी। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों नमन ओझा और दिनेश कार्तिक के जल्द पेवेलियन लौट जाने के बाद कोहली ने यूसुफ पठान के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों के बीच 84 रनों की साझेदारी हुई। पठान के 44 रनों के निजी स्कोर पर आउट होने के साथ यह साझेदारी टूट गई।
कोहली ने थिलान तुषारा की गेंद पर आउट होने से पहले 95 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में पांच चौके शामिल थे। शानदार फार्म में चल रहे रोहित शर्मा ने यहां 32 रन बनाए। गौतलब है कि इस श्रृंखला में रोहित ने लगातार दो शतक जड़े हैं। कप्तान सुरेश रैना एक बार फिर नाकाम रहे और उनके बल्ले से महज 19 रन निकले।
निचले क्रम के बल्लेबाजों ने अहम योगदान दिया। अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे आर. अश्विन ने 32 गेंदों पर 38 रनों की तेज पारी खेली। उन्होंने एक छक्का और चार चौके लगाए। रवींद्र जडेजा ने 19 रनों की पारी खेली। भारत के खाते अतिरिक्त के रूप में 12 रन जुड़े।
इससे पहले श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की ओर से कार्तिक के साथ युवा बल्लेबाज ओझा को पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी दी गई थी। परंतु करियर का पहला मैच खेल रहे ओझा ने जल्द ही पेवेलियन की राह पकड़ ली। ओझा श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान कुलसेकरा की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने सात गेंदों का सामना किया और सिर्फ एक रन बनाया। कार्तिक एक बार फिर विफल रहे और 27 रन बनाकर आउट हो गए।
श्रीलंका की ओर से तुषारा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने नौ ओवरों में 57 रन खर्च करके तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा सूरज रंदिव ने भी दो विकेट झटके। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को यह मैच बोनस अंकों के साथ जीतना पड़ेगा। भारतीय एकादश में ओझा, अश्विन और पंकज सिंह को शामिल किया है। इन तीनों खिलाड़ियों का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में यह पहला मुकाबला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications