फुटबॉल स्टेडियम में भगदड़, 22 मरे
अफ़्रीकी महाद्वीप के आइवरी कोस्ट में विश्व कप फुटबॉल के क्वालिफाइंग मैच के दौरान हुई भगदड़ में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है.आइवरी कोस्ट के आबिदज़ान के होफोट बॉयगनी इलाक़े में चल रहे मैच के दौरान इस भगदड़ में 130 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
स्टेडियम में आइवरी कोस्ट और मलावी के बीच फुटबॉल मैच चल रहा था जब यह भगदड़ मची. स्टेडियम में यह मैच देखने क़रीब 36 हज़ार दर्शक थे और स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था. मैच आइवरी कोस्ट ने 5-0 से जीता.
बीबीसी के जॉन जेम्स का कहना है कि बड़ी संख्या में दर्शक आइवरी कोस्ट के स्टार खिलाड़ी डीडियर ड्रोग्बा को देखने जुटे थे जिन्होंने लंबे समय तक चोटिल रहने के बाद इस मैच से वापसी की थी. ड्रोग्बा ने दो गोल भी किए.
संवाददाताओं के अनुसार भगदड़ के दौरान लोगों को नियंत्रित करने की पुलिस की हर कोशिश नाकाम रही और पुलिस ने आंसू गैस का भी प्रयोग किया.
आइवरी कोस्ट के खेल मंत्रालय एवं फुटबॉल संघ ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि की है और कहा कि ये घटना उस समय हुई जब खचाखच भरे हुए स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों ने घुसने की कोशिश की.
इस कोशिश के दौरान स्टेडियम की एक दीवार गिरी और उससे भगदड़ मच गई. रिपोर्टों के अनुसार भगदड़ की यह घटना मैच शुरु होने से पहले हुई लेकिन आयोजकों ने मैंच स्थगित नहीं किया.
पूरे अफ़्रीका महाद्वीप में इससे पहले भी फुटबॉल खेलों के दौरान भगदड़ और लड़ाई में सैकड़ों की संख्या में दर्शकों की मौत हुई है. संवाददाताओं का कहना है कि ऐसी घटनाओं के दौरान सुरक्षा बलों के पास भीड़ पर नियंत्रण करने के पूरे साधन भी मौजूद नहीं होते हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
