गॉल टेस्ट : फॉलोऑन खेल रही टीम इंडिया की खराब शुरुआत (लीड-3)
सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (0) पहली पारी की अपनी नाकामी की कहानी को दोहराते हुए लसिथ मलिंगा की गेंद पर विकेट के पीछे प्रसन्ना जयवर्धने के हाथों लपके गए।
भारतीय टीम ने पांच ओवर की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 29 रन बना लिए थे। वीरेंद्र सहवाग 18 गेंदों पर छह चौकों की सहायता से 25 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि राहुल द्रविड़ ने एक रन बनाया है।
इससे पहले, श्रीलंकाई गेंदबाजों ने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को फॉलोऑन को मजबूर किया।
श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर आठ विकेट पर 520 (घोषित) के जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 276 रन ही बना सकी। मुरलीधरन ने सर्वाधिक पांच विकेट लिए जबकि लसित मलिंगा को दो तथा चमारा वेलेगेदारा तथा रंगना हेराथ को एक-एक सफलता मिली।
मुरली ने 67वीं बार टेस्ट मैचों में पारी में पांच विकेट लिए हैं। प्रज्ञान ओझा का विकेट लेने के साथ उन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में 100 विकेट पूरे किए। ऐसा करने वाले वह दुनिया के एकमात्र गेंदबाज हैं। मुरली अब तक टेस्ट मैचों में 797 विकेट ले चुके हैं।
चौथे दिन का मुख्य आकर्षण मुरली के पांच विकेटों के अलावा पहली पारी में भारतीय सलामी बल्लेबाज सहवाग का शतक भी रहा। तीसरे दिन 85 रन पर नाबाद लौटे सहवाग ने 118 गेंदों पर 19 चौकों और एक छक्के की मदद से 109 रनों की पारी खेली। यह उनके करियर का 20वां शतक है।
भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 140 रन बनाए थे। तीसरे दिन भारत ने गंभीर (2), द्रविड़ (18) और सचिन तेंदुलकर (8) के विकेट गंवाए थे। तीसरे दिन 18 रन पर नाबाद लौटने वाले वी.वी.एस. लक्ष्मण कुछ खास नहीं कर सके और 22 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद युवराज सिंह (52) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (33) ने आकर्षक पारी खेलकर भारत को मुश्किल से उबारने का प्रयास किया लेकिन मुरली ने दोनों को आउट कर अपनी टीम का काम आसान कर दिया। हरभजन सिंह दो रन बना सके। ईशांत शर्मा पांच रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि ओझा ने तीन और अभिमन्यु मिथुन ने आठ रन बनाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications