ये दर्शक स्टेडियम के गेट बंद होने के बाद स्टेडियम में घुसने की कोशिश कर रहे थे. मखूलंग स्टेडियम के बाहर हुई इस घटना में भीड़भाड़ की धक्का मुक्की के दौरान कई लोग नीचे गिर गए और अन्य लोगों के पैरों के नीचे कुचले गए.
पुलिस प्रवक्ता का कहना था कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस मैच के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोग आएंगे. दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग से थोड़ी दूर स्थित इस स्टेडियम में विश्व कप का कोई मैच नहीं होने वाला है और न ही स्टेडियम की सुरक्षा से फीफा का कोई संबंध है. विश्व कप के सभी स्टेडियमों की सुरक्षा व्यवस्था से फीफा भी जुड़ी हुई है.
हुड़दंगी गिरफ़्तार
इस बीच दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में अर्जेंटीना के छह फुटबॉल प्रेमियों को गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार इन छह लोगों पर पहले फुटबॉल मैचों के दौरान हुड़दंग मचाने के आरोप लगे हैं. अर्जेंटीना की टीम इस समय प्रिटोरिया में ही है.
इन सभी को प्रिटोरिया हवाई अड्डे पर रोका गया और पुलिस के अनुसार इन सभी को वापस भेज दिया जाएगा क्योंकि रिकार्डों के अनुसार ये हिंसा में भी लिप्त रहे हैं. इससे पहले अर्जेंटीना के कोच डिएगो माराडोना ने कहा था कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि वो टीम के साथ जिस विमान में आए उस विमान में ये हुड़दंगी भी थे.