श्रीलंका पर भारत की टेस्ट जीत
श्रीलंका में चल रहे तीसरे क्रिकेट टेस्ट में आज भारत ने श्रीलंका को पांच विकेट से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही भारत और श्रीलंका के बीच यह सीरीज़ 1-1 की बराबरी के साथ समाप्त हो गई है.
भारत की ओर से वीवीएस लक्ष्मण ने शतक बनाया और भारत की जीत में उनके शतक की अहम भूमिका रही. लक्ष्मण ने शानदार 103 रन बनाए.
लक्ष्मण का यह 16वां टेस्ट शतक है. लक्ष्मण को मैन आफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया जबकि वीरेंद्र सहवाग को मैन आफ द सीरीज़ पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
मैच आफ द मैच का पुरस्कार ग्रहण करते हुए लक्ष्मण ने कहा, "मुझे खुशी है कि जब टीम को मेरे अच्छे खेल की जरूरत थी, मैंने अच्छा प्रदर्शन किया."
मैच के बाद धोनी ने कहा, "यह जीत हमारे लिए काफ़ी ज़रूरी थी. टीम के प्रदर्शन से मैं खुश हूं, खास तौर पर तेंदुलकर और लक्ष्मण के शानदार खेल से."
श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने कहा, " हमने अच्छा प्रयास किया. तीसरे और चौथे दिन रांदिव का खेल काफ़ी सराहनीय रहा लेकिन वीवीएस लक्ष्मण और सचिन ने सकारात्मक क्रिकेट खेला."
पहली पारी में भारत को 11 रनों की बढ़त मिली थी. श्रीलंका की ओर से पहली पारी में थिलन समरवीरा ने 12 चौके और एक छक्के की मदद से 137 रन बनाए थे. जबकि कप्तान कुमार संगकारा ने 75 रन बनाए थे.
वहीं भारत की ओर से बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग ने शतक बनाया था. उन्होंने 90 गेंदों में 109 रन बनाए. सुरैश रैना ने पहली पारी में 62 रनों की पारी खेली थी.
श्रीलंका ने दूसरी पारी में 267 रन का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में चौथे दिन खेल ख़त्म होने तक भारतीय टीम ने तीन विकेट खोकर 53 रन बनाए थे.
भारत की ओर से दूसरी पारी में वीरेंद्र सहवाग शून्य पर आउट हो गए जबकि राहुल द्रविड़ सात रन ही बना पाए थे.
भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में रोमांच बनाए रखा. आज क्रीज़ पर सचिन तेंदुलकर और इशांत शर्मा थे. लेकिन इशांत चार के व्यक्तिगत स्कोर पर रांदिव की गेंद पर संगकारा के हाथों कैच आउट हो गए.
इसके बाद तेंदुलकर और लक्ष्मण ने भारत की पारी को मजबूती से आगे बढ़ाया. सचिन तेंदुलकर ने तीन चौकों की मदद से 54 रन बनाए.
सचिन के आउट होने के बाद सुरैश रैना ने दूसरी पारी में भी अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने 41 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को जीत दिला दी. रैना ने चार चौके और एक छक्के लगाए.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
