Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

फीफा: फ़्रांसीसी फ़ुटबॉल टीम में संकट

पंकज प्रियदर्शी

बीबीसी संवाददाता, दक्षिण अफ़्रीका से

कोच रेमंड डोमेनेच को अपशब्द कहने के कारण फ़्रांसीसी टीम से निकोलस एनेल्का को निकाले जाने के बाद भी लगता है कि टीम का संकट ख़त्म नहीं हो रहा है. रविवार को टीम के खिलाड़ियों ने ट्रेनिंग करने से इनकार कर दिया. ताज़ा विवाद कप्तान पैट्रिस एवरा और फ़िटनेस कोच रॉबर्ट ड्यूवर्न के बीच का है. दोनों के बीच कहासुनी हो गई और कोच डोमेनेच को आकर बीच-बचाव करना पड़ा.

लेकिन रिपोर्ट ये भी है कि टीम के कई खिलाड़ी कप्तान पैट्रिस एवरा के उस बयान से ख़ुश नहीं हैं, जिसमें एवरा ने कहा था कि टीम में एक ग़द्दार है जिसने डोमेनेच और एनेल्का के बीच कहासुनी की बात लीक की. एवरा ने यहाँ तक कह दिया कि इस ग़द्दार को टीम से हटा देना चाहिए.

ऐसी रिपोर्टे हैं कि ताज़ा विवाद के बाद फ़्रांसीसी फ़ुटबॉल फ़ेडरेशन के महानिदेशक वेलेन्टिन ने इस्तीफ़ा दे दिया है. हालाँकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. दूसरी ओर रेमंड डोमेनेच ने भी एनेल्का विवाद में अपना पक्ष रखते हुए बयान जारी किया है और कहा है कि एनेल्का चाहते तो टीम का हिस्सा बने रह सकते थे. लेकिन उन्होंने माफ़ी मांगने से इनकार कर दिया.

उन्होंने फ़्रांसीसी फ़ुटबॉल फ़ेडरेशन के एनेल्का को वापस भेजने के फ़ैसले को सही ठहराया और कहा कि एनेल्का को यह सब कहने का अधिकार नहीं है. लेकिन इंग्लिश प्रीमियर लीग की टीम में एनेल्का के साथी खिलाड़ी और इंग्लैंड की मौजूदा टीम के हिस्सा जॉन टेरी ने कहा है कि एनेल्का को वापस भेजने का फ़ैसला ग़लत है. उन्होंने कहा कि एनेल्का काफ़ी शांत स्वभाव के खिलाड़ी हैं.

विश्व कप में फ़्रांस की स्थिति काफ़ी ख़राब है. फ़्रांस और उरुग्वे के बीच मैच ड्रॉ रहा था और मैक्सिको के हाथों फ़्रांस की टीम हार गई थी. अब फ़्रांस का आख़िरी मैच मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका के साथ है. लेकिन समीकरण फ़्रांस के ख़िलाफ़ जा रहे हैं.

अगर फ़्रांस की टीम दक्षिण अफ़्रीका को हरा देती है लेकिन उरुग्वे और मैक्सिको का मैच ड्रॉ हो जाता है, तो भी फ़्रांस बाहर हो जाएगा. फ़्रांस को दूसरे दौर में पहुँचने के लिए बड़े अंतर से जीतना होगा बल्कि उरुग्वे और मैक्सिको के मैच के नतीजे का इंतज़ार करना होगा. और इन सबके बीच फ़्रांसीसी टीम का विवाद....कहीं पूर्व विश्व चैम्पियन समय से पहले ही विश्व कप से विदा न हो जाए.

Story first published: Monday, November 13, 2017, 11:23 [IST]
Other articles published on Nov 13, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+