गंभीर, लक्ष्मण और ईशांत लौटे, युवराज को जगह नहीं (लीड-1)
तीनों खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड के साथ चार नवम्बर से अहमदाबाद के करीब मोटेरा में स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के साथ-साथ बाकी के दो मैचों के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। इन तीनों खिलाड़ियों को आस्ट्रेलिया के साथ खेली गई दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दौरान चोट लगी थी।
गंभीर और ईशांत जहां घुटने में चोट से परेशान थे वहीं मोहाली टेस्ट मैच के दौरान टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कलात्मक बल्लेबाज लक्ष्मण को पीठ में तकलीफ थी। तीनों खिलाड़ी बेंगलुरू टेस्ट में नहीं खेल सके थे। भारत ने बेंगलुरू टेस्ट पांच विकेट से जीता था।
बेंगलुरू टेस्ट मैच में 72 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मुश्किल से उबारने वाले मध्यक्रम के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा अपना स्थान सुरक्षित रखने में सफल रहे हैं। पुजारा को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। बेंगलुरू में खेली गई पारी के आधार पर पुजारा को टीम में जगह बनाने में कोई दिक्कत नहीं हुई।
पहले टेस्ट मैच के लिए तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत और स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा को आरक्षित खिलाड़ी के तौर पर टीम में रखा गया है। श्रीसंत जहां ईशांत के लिए जगह खाली करेंगे वहीं स्पिनर के तौर पर कप्तान की पहली पसंद प्रज्ञान ओझा होंगे।
इस श्रृंखला के लिए भारत ने कोई अतिरिक्त विकेटकीपर का चयन नहीं किया है। इससे साबित होता है कि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अपनी फिटनेस को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। अगले वर्ष होने वाले विश्व कप के लिहाज से यह एक अच्छा संकेत है।
लम्बे समय से खराब फार्म से गुजर रहे युवराज ने विशाखापट्टनम एकदिवसीय मुकाबले में 58 रन बनाकर खुद के फिट होने का सबूत पेश किया लेकिन वह अपनी इस उपयोगी किंतु संक्षिप्त पारी के माध्यम से चयनकर्ताओं के अंदर खुद को टेस्ट टीम में शामिल करने का भरोसा नहीं जगा सके।
कीवी टीम को भारत के साथ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलनी है और इसके लिए टीम का चयन टेस्ट श्रृंखला के बाद किया जाना है। एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मैच 28 नवम्बर को खेला जाएगा।
पहले टेस्ट के लिए टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धौनी, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, वीरेंद्र सहवाग, चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजय, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वी.वी.एस. लक्ष्मण, हरभजन सिंह, जहीर खान, ईशांत शर्मा, शांताकुमारन श्रीसंत, प्रज्ञान ओझा, अमित मिश्रा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications