मोहाली टेस्ट : चायकाल तक भारत को 207 रनों की बढ़त (लीड-5)
भारतीय टीम ने विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (17), पहली पारी में शतक लगाने वाले राहुल द्रविड़ (0) और सचिन तेंदुलकर (5) के विकेट गंवाए हैं।
पहली पारी में 179 रनों की बेशकीमती पारी खेलने वाले सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर 80 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 26 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि वी.वी.एस. लक्ष्मण छह रन पर नाबाद हैं।
इससे पहले, स्टार स्पिनर हरभजन सिंह (68/4) और तेज गेंदबाज जहीर खान (76/3) की सधी हुई गेंदबाजी की बदौलत भारत ने भोजनकाल से ठीक पहले इंग्लैंड की पहली पारी 302 रनों पर समेट दी।
अपनी पहली पारी में 453 रन बनाने वाली भारतीय टीम की ओर से स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा और ईशांत शर्मा ने भी एक-एक विकेट लिया।
इंग्लैंड की टीम ने तीसरे दिन के अपने स्कोर छह विकेट पर 282 रन से आगे खेलना शुरू किया। चौथे दिन इंग्लैंड ने पहला विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर (2) के रूप में गंवाया। यह विकेट 285 रनों के कुल योग पर गिरा। प्रायर को हरभजन ने विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया।
इसके बाद हरभजन ने स्टुअर्ट ब्रॉड (1) को भी चलता कर दिया। ब्रॉड 290 के कुल योग पर क्लीन बोल्ड हुए। ग्रीम स्वान (1) और मोंटी पनेसर (3) भी कुछ खास नहीं कर सके और इस तरह इंग्लैंड की टीम तीसरे दिन के अपने स्कोर में 20 रन जोड़ने के बाद पेवेलियन लौट गई।
तीसरे दिन दो रन बनाकर नाबाद लौटने वाले जेम्स एंडरसन (8) अंत तक आउट नहीं हुए। तीसरे दिन की तरह चौथे दिन भी घने कोहरे के कारण खेल शुरू होने में देरी हुई। पिछले दो दिनों से मैच शुरू होने में देरी हो रही है और यही कारण है कि भोजनावकाश और चायकाल के समय में परिवर्तन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications