पोर्ट एलिजाबेथ। फीफा विश्वकप अपने शबाब पर है। जहां उसका नशा लोगों के सिर चढ़ कर बोल रहा है वहीं उसमें उलचफेर भी जारी है ताजा उलफेर हुआ है, तीन बार के चैंपियन जर्मनी के साथ जिसे सर्बिया ने 1-0 से शिकस्त दे दी। सर्बिया ने फीफा विश्व कप के ग्रुप-डी के दूसरे दौर के मुकाबले में तीन बार के चैंपियन जर्मनी चुनौती को ध्वस्त करते हुए 1-0 से हराकर धमाल मचा दिया। जर्मनी को ग्रुप स्तर पर 24 वर्ष बाद हार का सामना करना पड़ा है। सर्बिया के लिए मिलान जोवानोविक ने 38वें मिनट में गोल दागा जिसने उन्हें जीत का स्वाद चखा दिया ।
ग्रुप स्तर में जर्मनी को अंतिम बार 1986 में हार मिली थी। 24 साल पहले उसे डेनमार्क ने हराया था। सर्बिया के लिए यह जीत काफी मायने रखती है क्योंकि अपने पहले मैच में घाना के खिलाफ 0-1 के अंतर से हार झेलने वाली यह जुझारू टीम अंतिम-16 में जगह बनाने की दौड़ में लौट आई है। तो वहीं जर्मनी की टीम हालांकि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दिखा सकी और सर्बिया के डिफेंस को भेदने में नाकाम रही जिसमें मैनचेस्टर यूनाईटेड के सेंटर बैक नेमांजा विदिक और चेल्सी के डिफेंडर ब्रानिस्लाव इवानोविच जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।