बेनतीजा रहा अहमदाबाद टेस्ट (लीड-4)
भारत ने लक्ष्मण और हरभजन की बदौलत कीवी टीम के सामने जीत के लिए 295 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम ने एक विकेट पर 22 रन बनाए थे तभी दोनों कप्तान मैच को ड्रॉ कराने पर सहमत हो गए।
लक्ष्मण और हरभजन की पारियों ने भारत को हार से बचा लिया। हरभजन ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। रॉस टेलर की गेंद पर आउट होने से पहले हरभजन ने 115 रन बनाए। उन्होंने 193 गेंदों का सामना किया और 13 चौके व तीन छक्के लगाए। भारतीय टीम दूसरी पारी में 266 रन पर सिमटी। पहली पारी में मिली 28 रनों की बढ़त के आधार पर कीवी टीम को 295 रनों का लक्ष्य मिला।
चौथे दिन छह प्रमुख बल्लेबाजों के पेवेलियन लौटने के बाद लक्ष्मण पर टीम इंडिया को संकट से उबराने की जिम्मेदारी थी। उन्होंने चौथे और पांचवे दिन इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। आखिरी दिन के शुरुआती सत्र में उन्होंने न तो खुद कोई जोखिम उठाया और न ही हरभजन को संयम खोन दिया। लक्ष्मण ने 91 रनों की पारी खेली।
खेल के चौथे दिन दूसरी पारी में शीर्ष भारतीय बल्लेबाजों ने कीवियों के सामने घुटने टेक दिए थे। भारतीय पारी के संकट में होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक समय भारत के पांच खिलाड़ी महज 15 रनों के कुल स्कोर पर पेवेलियन लौट चुके थे। विश्व की इस सर्वश्रेष्ठ टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी छठे विकेट के रूप में जब आउट हुए तो उस समय टीम का स्कोर सिर्फ 65 रन था। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने छह विकेट पर 82 रन बनाए थे।
कीवी टीम ने भारत की पहली पारी के 487 रनों के जवाब में 459 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन ने सर्वाधिक 131 रनों की पारी खेली। उनके अलावा जेसी राइडर ने 103 रनों की शानदार पारी खेली। ब्रेंडन मैकलम 65 और रॉस टेलर ने 56 रन बनाए।
भारत ने अपनी पहली पारी में 487 रन बनाए। मैच के पहले दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (173) और राहुल द्रविड़ (104) ने बेहतरीन पारी खेल टीम को मजबूती प्रदान की थी। इनके अलावा सचिन तेंदुलकर और लक्ष्मण ने 40-40 रन बनाए थे। सचिन अपने करियर का 50वां शतक जड़ने से चूक गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications