न्यूयार्क, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। स्पेन के राफेल नडाल और ब्रिटेन के एंडी मरे साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम अमेरिकी ओपन के पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं।
विश्व के सर्वोच्च वरीयता वाले टेनिस स्टार नडाल ने शुक्रवार को दूसरे दौर के मुकाबले में उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन को सीधे सेटों में 6-2, 7-6 (7-5), 7-5 से पराजित किया।
जीत के बाद नडाल ने कहा, "इस्तोमिन ने पूरे उत्साह के साथ खेल दिखाया। मैं इस मैच में सौभाग्यशाली भी रहा। वैसे इस मुकाबले में मेरी सर्विस अच्छी रही।"
उधर, दूसरे दौर के एक अन्य मुकाबले में मरे ने जमैका के डस्टिन ब्राउन को आसानी से मात दी। 90 मिनटों में चले इस मैच को मरे ने 7-5, 6-3, 6-0 से अपने नाम किया।
मैच के बाद मरे ने कहा, "मैंने इससे पहले ब्राउन के खिलाफ नहीं खेला था। उन्होंने शुरू से ही तेज सर्विस की लेकिन मेरे लिए पूरे मैच में लय बनाए रखना जरूरी थी। मैच जीतने के लिए हमेशा प्रतिद्वंद्वी से बेहतर खेल दिखाना पड़ता है। मैं इसी कोशिश में था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।