धौनी रविवार को साक्षी से रचाएंगे शादी
देहरादून से 40 किलोमीटर दूर एक फार्महाउस में यह विवाह समारोह आयोजित होगा। इस विवाह में भारतीय क्रिकेट टीम के कई प्रमुख सदस्यों और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के आला अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है।
धौनी ने शनिवार रात को साक्षी के साथ सगाई की थी। सगाई की रस्म देहरादून में ही निभाई गई थी। साक्षी होटल प्रबंधन की छात्रा हैं और धौनी के साथ उनकी लंबे समय से दोस्ती रही है। मीडिया को हालांकि इसकी भनक शनिवार को ही लगी, जब धौनी के परिजनों, खासतौर पर उनकी बहन ने सगाई की पुष्टि की।
देहरादून में होने वाले वैवाहिक समारोह के बाद धौनी और उनकी पत्नी संभवत: सात जुलाई को मुंबई में पार्टी देंगे। इस पार्टी में भी बड़ी संख्या में विशिष्ट जनों के शरीक होने की खबर है। इसी दिन धौनी का जन्मदिन भी है। धौनी को सात की संख्या से विशेष लगाव है।
दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना अंतर्राष्ट्रीय करियर शुरू करने वाले धौनी बहुत कम समय में देश के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ी बन गए। तीन वर्ष के भीतर उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी भी मिल गई और आज वह विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकदिवसीय बल्लेबाज हैं।
धौनी ने भारत के लिए अब तक 43 टेस्ट मैच, 166 एकदिवसीय मैच और 25 ट्वेंटी-20 मैच खेले हैं। धौनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 ट्वेंटी-20 विश्व कप खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया सहित लगभग सभी टेस्ट खेलने वाली टीमों को पराजित किया है।
यह धौनी की कप्तानी का ही कमाल है कि भारतीय टीम को टेस्ट रैंकिंग में सर्वोच्च मुकाम मिला। यही नहीं उनकी कप्तानी में एकदिवसीय टीम दूसरे वरीयता तक पहुंची। इन तमाम उपलब्धियों के कारण धौनी को वर्ष 2009 में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान-राजीव गांधी खेल रत्न से और पद्मश्री से नवाजा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications