महिला विश्व कप : आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
मंगलवार को स्थानीय स्पोर्ट्स मैदान पर टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई महिलाओं ने कप्तान केरॉल रॉल्टन (नाबाद 96), निट्सचके (87) और एलेक्स ब्लैकवेल (22) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट खोकर 258 रन बनाए।
जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 49.3 ओवर में 197 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज त्रिशा चेटी ने 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ। इसके अलावा मेहमान टीम की ओर से क्रीजेल्डा ब्रिट्स ने 36 और मिगनॉन प्रीज ने 37 रनों का योगदान दिया।
आस्ट्रेलिया की सधी गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के आगे दक्षिण अफ्रीका के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। आस्ट्रेलियाई क्षेत्ररक्षकों ने दो बल्लेबाजों को रन आउट किया।
बल्लेबाजी के दौरान 87 रनों का योगदान देने के अलावा तीन विकेट झटकने वाली निट्सचके को 'वुमैन ऑफ द मैच' चुना गया।
ग्रुप-ए में आस्ट्रेलिया की यह पहली जीत है जबकि दक्षिण अफ्रीका को अपने दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। पहले लीग मैच में न्यूजीलैंड ने आस्ट्रेलिया को 13 रनों से पराजित किया था जबकि दक्षिण अफ्रीका को वेस्टइंडीज ने दो विकेट से शिकस्त दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications