भारतीय टीम ने श्रीलंका में ही आयोजित एशिया कप का खिताब जीता था। फाइनल में उसने श्रीलंका को पराजित किया था। जहां तक इस श्रृंखला की बात है तो उसने अपने अंतिम लीग मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने सराहनीय प्रदर्शन किया था लेकिन उसकी जीत कुछ एक खिलाड़ियों की देन थी। वीरेंद्र सहवाग ने शतक लगाकर टीम को अच्छा स्कोर दिया और फिर प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल ने तीन-तीन विकेट लेकर कीवियों को सस्ते में समेटा।
अंतिम लीग मैच में जीत के बावजूद भारतीय टीम की समस्याएं जस की तस कायम हैं। इस श्रृंखला में उसका ऊपरी क्रम और मध्यक्रम बुरी तरह फ्लाप रहा है। दिनेश कार्तिक, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, सुरैश रैना और रवींद्र जडेजा एक बार भी मैच जिताउ प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
भारतीय टीम ने इस श्रृंखला में दो मैच जीते जबकि दो में उसे हार मिली। जीते गए दो मैचों में सहवाग ने 99 व 110 रन बनाए जबकि बाकी के बल्लेबाज मिलकर 100 रनों का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके। प्रवीण ने चार मैचों में आठ विकेट लिए हैं और फाइनल में भी उन पर टीम को जीत दिलाने का बड़ा दारोमदार होगा।
टेस्ट श्रृंखला के साथ-साथ शुरुआती तीन मैचों में महज 'यात्री' की भूमिका निभाने वाले मुनाफ ने एक मौके को भुनाकर चयनकर्ताओं को गलत साबित किया। अब एक बार फिर उन पर टीम की नैया पार लगाने की जिम्मेदारी होगी। साथ ही साथ आशीष नेहरा को भी अच्छी गेंदबाजी करनी होगी। काफी हद तक वैसी, जैसी उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ की थी।
जहां तक श्रीलंका की बात है तो इस श्रृंखला में उसके तीन बल्लेबाज-तिलकरत्ने दिलशान, कप्तान कुमार संगकारा और माहेला जयवर्धने 100 से अधिक रन बटोरने में सफल रहे हैं लेकिन कुल मिलाकर उसकी बल्लेबाजी अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं कर पाई है। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के पास अपनी श्रेष्ठता साबित करने का एक बढ़िया मौका है।
श्रीलंकाई गेंदबाजी में धार है। भारतीय बल्लेबाजों के कमजोर प्रदर्शन को देखते हुए मेजबान गेंदबाजों को काफी बल मिलेगा। पिछले मैच में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को 103 रनों पर समेट दिया था। ऐसे में लसिथ मलिंगा के नेतृत्व में श्रीलंकाई गेंदबाज एक बार फिर अपनी टीम की जीत के लिए जमीन तैयार करने का प्रयास करेंगे।
एक तरफ जहां भारतीय टीम इस मुकाबले के जरिए पिछले मुकाबले में मिली करारी शिकस्त का हिसाब चुकाने का प्रयास करेगी वहीं श्रीलंकाई टीम का प्रयास उसे लगातार दूसरा खिताब जीतने से रोकने का होगा। भारतीय टीम ने बीते दिनों दाम्बुला में ही हराकर श्रीलंका से एशिया कप खिताब छीना था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।