आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सन हेराल्ड' के मुताबिक लेहमैन को क्रिकेट जगत के सबसे चतुर खिलाड़ियों में एक माना जाता है और यही कारण है कि आने वाले दिनों में उन्हें आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का कोच बनाए जाने की पूरी संभावना है।
पत्र लिखता है कि अब जबकि लेहमैन ने खुद इंग्लैंड की क्रिकेट टीम का कोच बनने की इच्छा जताई है, इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को इस मौके को समय रहते भुना लेना चाहिए।
पत्र के मुताबिक लेहमैन ने कहा है, "हां, मैं इंग्लैंड क्रिकेट टीम का कोच बनने के लिए तैयार हूं। यह एक रोचक और चुनौतीपूर्ण काम है और मैं इसे स्वीकार करने के लिए तैयार हूं।"
इससे पहले, आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और लेहमैन के अच्छे दोस्त शेन वार्न ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि पीटर मूर्स की बर्खास्तगी के बाद ईसीबी को लेहमैन को कोच के तौर पर नियुक्त कर लेना चाहिए।
आस्ट्रेलिया के 27 टेस्ट मैच खेल चुके लेहमन को पिछले साल आस्ट्रेलियाई क्रिकेट अकादमी का कोच नियुक्त किया गया था। इसके कुछ दिनों बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की डेक्कन चार्जर्स टीम ने उन्हें अपना कोच नियुक्त किया। इसके लिए लेहमैन को प्रति वर्ष आठ लाख डॉलर मिलते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।