मैराथन दौर के बाद नाइट राइडर्स ने मुर्तजा को खरीदा (लीड-2)
मुर्तजा की मूल कीमत मात्र 50,000 डॉलर थी। मुर्तजा के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की नाइट राइडर्स और प्रीति जिंटा की किंग्स इलेवन पंजाब टीम के बीच खासतौर पर आक्रामक अंदाज में बोली लगाई गई। बॉलीवुड के दो दिग्गजों के बीच बोली की यह प्रक्रिया 20 मिनट तक चली लेकिन अंतत: प्रतिष्ठा की इस लड़ाई में जीत शाहरुख खान की टीम की हुई।
यह अलग बात है कि खुद शाहरुख नीलामी प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए। उनके बदले उनकी सहयोगी और बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला ने बोली लगाई।
कोलकाता की टीम से जुड़ने के साथ मुर्तजा बांग्लादेश के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। 25 साल का यह हरफनमौला खिलाड़ी अब तक 103 एकदिवसीय मैचों में 135 विकेट ले चुका है। मुर्तजा बांग्लादेशी टीम के उपकप्तान भी हैं।
जानकारों का मानना है कि कोलकाता की टीम ने मुर्तजा के लिए इतनी अधिक बोली लगाकर एक बड़ा दांव खेला है। इसके पीछे की रणनीति यह है कि अपने देश में सुपरस्टार का दर्जा रखने वाले मुर्तजा को खेलते देखने के लिए बड़ी संख्या में बांग्लादेशी दर्शक कोलकाता पहुंचेंगे, जिससे कोलकाता की टीम को अधिक से अधिक आय हो सकेगी।
इससे पहले, इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज केविन पीटरसन और हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटाफ भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीम-बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स ने पीटरसन और चेन्नई सुपरकिंग्स ने फ्लिंटाफ को आईपीएल की अब तक की सबसे ज्यादा बोली लगाकर खरीद लिया। इससे पहले आईपीएल के पहले सत्र में भारतीय कप्तान धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स ने छह करोड़ रुपये में खरीदा था।
इंग्लैंड के इन दोनों स्टार खिलाड़ियों की बोली उम्मीद से भी ज्यादा लगाई गई। रॉयल चैलेंजर्स ने पीटरसन के लिए 15.5 लाख डॉलर यानी लगभग 7.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई।
दूसरी ओर सुपरकिंग्स ने भी फ्लिंटाफ के लिए 15.5 लाख डॉलर यानी लगभग 7.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई। पीटरसन की बोली 13.5 लाख डॉलर और फ्लिंटाफ की बोली 950,000 डॉलर से शुरू हुई थी।
चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा, "फ्लिंटाफ एक बेहतरीन हरफनमौला क्रिकेटर हैं। उनके आने से हमारी टीम और भी संतुलित हो जाएगी।"
रॉयल चैलेंजर्स के मालिक और उद्योगपति विजय माल्या ने कहा, "मैं पीटरसन को हमेशा से पसंद करता रहा हूं। उनके रूप में हमारी टीम में एक बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हुआ है। उनके आने से हमारी टीम की बल्लेबाजी और भी मजबूत होगी।" उन्होंने कहा कि टीम का कप्तान कौन होगा इसका फैसला टीम प्रबंधन करेगा।
इंग्लैंड के कई अन्य खिलाड़ियों को भी आईपीएल की फ्रेंचाइजी ने हाथों हाथ लिया। प्रीति जिंटा की टीम किंग्स-11 पंजाब ने इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी रवि बोपारा को 450,000 डॉलर की बोली लगाकर खरीदा।
दिल्ली की टीम डेल्ही डेयरडेविल्स ने भी इंग्लैंड के दो खिलाड़ियों पॉल कालिंगवुड और ओवैश शाह को खरीदा। डेल्ही डेयरडेविल्स की ओर से कालिंगवुड के लिए 275,000 डॉलर और शाह के लिए भी 275,000 डॉलर की बोली लगाई गई।
इनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जीन ड्यूमिनी को मुंबई इंडियंस ने 950,000 डॉलर यानी लगभग 4.60 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीद लिया।
राजस्थान रॉयल्स के आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज शॉन टेट को 300,000 डॉलर यानी लगभग 1.82 करोड़ रुपये में खरीद लिया। हैदराबाद की टीम डेक्कन चार्जर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाड़ी फिडेल एडवर्ड्स को 150,000 डॉलर में खरीदा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications