जब पेनल्टी से चूके रोनाल्डो
सोमवार (25 जून) को ग्रुप बी के मैच में दर्शकों ने ऐसे पल देखे जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। पुर्तगाल और ईरान के मैच में सनसनी, रोमांच और अविश्सवसीनयता देखने को मिली। स्पेन और पुर्तगाल की टीमें अगले चरण में पहुंच गई हैं। लेकिन ईरान के साथ पुर्तगाल का मैच क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए सुखद नहीं रहा। विश्व फुटबॉल के इस शानदार खिलाड़ी रोनाल्डो ने मैच में पेनल्टी मिस कर दी। 1-0 से आगे चल रहा पुर्तगाल लीड को 2-0 कर सकता था, लेकिन 53वें मिनट में मिली पेनल्टी को रोनाल्डो गोल में नहीं बदल पाए। नतीजा ये हुआ कि पुर्तगाल की टीम को यह मैच ईरान के साथ ड्रा खेलना पड़ा। इसके बाद 33 वर्षीय रोनाल्डो ने कहा कि उन्हें पेनल्टी मिस करने उम्र भर अफसोस रहेगा। वहीं अगर इस स्टार खिलाड़ी के करियर पर एक नजर डालें तो इस स्टार ने पुर्तगाल, मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड के लिए खेलते हुए 133 मौकों में 110 पेनल्टी को गोल में बदला है। ऐसे में इस खिलाड़ी से विश्वकप में ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती। वहीं इनके सफलता का अनुपात भी 82.7 है।

लियोनेल मेसी से भी हुई थी चूक
बता दें कि यह सीजन रोनाल्डो के लिए तो शानदार रहा है लेकिन मेसी के लिए हर ओर से मुसीबतों का बसेरा है, न ही उनकी टीम बेहतर प्रदर्शन कर पा रही है और न ही मेसी का जादू चल पा रहा है। अपने पहले मैच में आइसलैंड के खिलाफ मेसी के पास मौका था कि वो पेनल्टी में गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाएं लेकिन वो ऐसा नहीं कर सके और उनकी टीम ने यह मुकाबला ड्रा खेला। वहीं दूसरे मैच में क्रोएशिया ने उन्हें 3-0 हराया यहां भी वो कोई गोल नहीं दाग सके। वहीं अगर इस खिलाड़ी के करियर पर नजर डालें तो बर्सिलोना और अर्जेंटीना के साथ खेलते हुए मेसी को 107 पेनल्टी का मौका मिला है और मेसी ने उसमें से 82 को गोल में बदला है उनका सफलता का औसत 76.6 है।

ये है दोनो स्टारों की टीम का हाल
फीफा विश्वकप के लिहाज से अगर देखें तो रोनाल्डो की टीम ने नाकआउट राउंड में अपनी जगह बना ली है जहां दो मुकाबले पुर्तगाल ने ड्रा किए हैं वहीं एक मैच में उसे जीत हासिल हुई है। वहीं अगर अर्जेंटीना के स्टार लियोनेल मेसी की बात करें तो उन्होंने निराश किया है और पहले मुकाबले में उनकी टीम ने मैच ड्रा किया लेकिन दूसरे मुकाबले में उनकी टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं तीसरे मुकाबले में उन्हें जीत की दरकार होगी जिससे की उनका आगे का सफर तय होगा।


Click it and Unblock the Notifications


