कैमरून ने अपनी फुटबॉल टीम के 7 खिलाड़ियों पर मैच फिक्सिंग के आरोपों की जांच का मन बना लिया है। इन खिलाड़ियों पर क्रोएशिया से मुकाबले के अलावा बाकी के ग्रुप मैच भी फिक्स करने का आरोप है। 'गोल डाट काम' की खबर के अनुसार, कैमरून फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष जोसेफ ओवोना ने कहा कि मैच फिक्सिंग के आरोपों की जांच शुरू की गई है।
पढ़ें- निहाल हुए नडाल
कैमरून को विश्व कप के ग्रुप ए के तीनों मैचों में ब्राजील, मैक्सिको और क्रोएशिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने टूर्नामेंट में केवल एक गोल किया जबकि उनके खिलाफ नौ गोल हुए जिससे कैमरून अपने ग्रुप में सबसे निचले पायदान पर रहा।
फुटबॉल फेडरेशन के प्रवक्ता ने कहा, 'कैमरून के 7 खिलाड़ियों पर 2014 के वर्ल्ड कप के तीन मैचों, विशेष रूप से क्रोएशिया के साथ हुए मैच को फिक्स करने का आरोप है। हमारी राष्ट्रीय टीम में ये 7 सड़े सेब निश्चित रूप से हमारे प्रशासन के सिद्धांतों का प्रतिनिधित्व नहीं करते।' हालांकि पूरा मामला सही है या अफवाह यह जांच के बाद ही सामने आएगा।