फीफा विश्व कप : घाना ने सर्बिया को 1-0 से हराया (लीड-2)
इस विश्व कप की सबसे युवा टीम घाना की ओर से मैच का एकमात्र गोल फ्रांस के रेनेस क्लब के लिए खेलने वाले फारवर्ड खिलाड़ी असामोह ग्यान ने 85वें मिनट में किया।
यह गोल पेनाल्टी के माध्यम से किया गया। इस जीत ने घाना को ग्रुप-डी में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है। इस ग्रुप का दूसरा मैच रविवार को ही आस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच खेला जाएगा।
ग्यान द्वारा किए गए गोल के साथ ही घाना के प्रशंसकों की खुशी देखने लायक थी। दूसरी ओर, अपनी टीम की बड़ी जीत की उम्मीद लगाए सर्बिया के प्रशंसक निराशा के समुद्र में डूबते नजर आए। घाना ने अपनी प्रतिष्ठा के विपरीत सर्बिया को कड़ी टक्कर दी। यही कारण था कि मध्यांतर तक सर्बियाई टीम एक भी गोल नहीं कर सकी थी।
विश्व कप में दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत थी। घाना की टीम दूसरी बार विश्व कप में हिस्सा ले रही है। उसने 2006 में जर्मनी में आयोजित 18वें संस्करण में शिरकत की थी। दक्षिण अफ्रीका पहुंचने से पहले घाना की टीम ने सीएएफ अफ्रीका कप का फाइनल खेला था। वह मिस्र के हाथों 0-1 से हार गई थी।
घाना की विशेषता यह है कि उसकी टीम इस विश्व कप की सबसे युवा टीम है। उसके खिलाड़ियों की औसत उम्र 24 वर्ष है। दूसरी ओर, एक स्वतंत्र राष्ट्र के तौर पर सर्बिया पहली बार विश्व कप में खेल रहा है। उसने यूगोस्लाविया के साथ 1930 से 2002 के बीच कुल नौ बार और सर्बिया-मोंटेनेग्रो के तौर पर, वर्ष 2006 में जर्मनी में एक बार विश्व कप में हिस्सा लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications