स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा ने छह रनों के निजी स्कोर पर सूरज रंदीव को पगबाधा आउट किया। इसके बाद उन्होंने पांच रनों के निजी स्कोर पर माहेला जयवर्धने को राहुल द्रविड़ के हाथों कैच कराया।
जयवर्धने के आउट होने के कुछ ही देर बाद कुमार संगकारा 28 रन बनाकर ओझा के शिकार हुए। ओझा की गेंद पर सुरेश रैना ने कैच पकड़ा।
थिलन समरवीरा और एंजेलो मैथ्यूज बिना खाता खोले क्रीज पर हैं। श्रीलंका ने पांच विकेट के नुकसान पर 78 रन बना लिए हैं।
इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ने तीसरे दिन के अंतिम सत्र में दो विकेट झटककर भारत को इस स्थिति में ला दिया था कि वह चौथे दिन मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर सके।
श्रीलंका टीम ने 39 रन के कुल योग पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। सहवाग ने 32 के कुल योग पर थरंगा पारानाविताना (16) को चलता किया जबकि 39 के कुल योग पर तिलकरत्ने दिलशान (13) को आउट किया।
भारत की पहली पारी 436 रनों पर खत्म हुई। भारत को पहली पारी के आधार पर 11 रनों की बढ़त मिली थी। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 425 रन बनाए थे। तीसरे दिन सहवाग ने सफलतापूर्वक अपने करियर का 21वां शतक पूरा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।