जुलाई में संन्यास लेंगे रूडी कोत्र्जन
आईसीसी की विज्ञप्ति के मुताबिक कोत्र्जन ने कहा है कि वह इंग्लैंड में आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच हेडिंग्ले में 21-25 जुलाई के बीच खेले जाने वाले टेस्ट मैच के बाद आराम करना चाहेंगे। कोत्र्जन को विश्व क्रिकेट के सबसे अनुभवी अंपायरों में एक माना जाता है। संन्यास के वक्त वह 106 टेस्ट मैचों, 209 एकदिवसीय मैचों और 14 ट्वेंटी-20 मैचों में अंपायरिंग कर चुके होंगे।
वर्ष 1949 में दक्षिण अफ्रीका के केप प्रोविंस में जन्मे कोत्र्जन ने नौ दिसंबर 1992 को पोर्ट एलिजाबेथ में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच खेले गए एकदिवसीय मैच के साथ अंपायरिंग का करियर शुरू किया था। आईसीसी ने कोत्र्जन को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई दी और साथ ही कहा कि आईसीसी उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोरगॉट ने कहा, "एक शानदार करियर के मालिक रहे कोत्र्जन ने भावी अंपायरों के लिए खुद को एक उदाहरण के तौर पर पेश किया है।" कोत्र्जन फिलहाल जिंबाब्वे में जारी त्रिकोणीय श्रृंखला में अंपायर की भूमिका निभा रहे हैं। इस श्रृंखला में भारत, जिंबाब्वे और श्रीलंका की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
कोत्र्जन ने कहा, "मैंने अंपायर के तौर पर अपने 18 वर्ष के करियर का भरपूर लुत्फ उठाया है। मेरे ऊपर हमेशा बड़ी जिम्मेदारी होती है और इसे अच्छी तरह निभाकर मैं खुशी महसूस करता हूं। मैंने अपने करियर के दौरान कई क्रांतिकारी बदलाव, कई महान खिलाड़ियों और कई यादगार घटनाओं को देखा और जिया है। मैं अपनी उपलब्धियों से पूरी तरह संतुष्ट हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications