आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के सामने 169 रनों का लक्ष्य रखा (लीड-3)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम शाहिद अफरीदी (38/6) की शानदार गेंदबाजी के आगे 38.5 ओवरों में 168 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। आफरीदी ने अपने अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की।
आस्ट्रेलिया की ओर से जेम्स होप्स ने विषम परिस्थितियों में 48 रनों की नाबाद पारी खेली। 46 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से अपनी पारी को संवारने वाले होप्स ने बेन हिफेनहॉस के साथ अंतिम विकेट के लिए 46 रन जोड़े। हिफेनहास ने 17 गेंदों पर चार रन बनाए।
एक समय आस्ट्रेलिया ने 122 रनों पर अपने नौ विकेट गंवा दिए थे। आस्ट्रेलिया का पहला विकेट सलामी बल्लेबाजी शान मार्श के रूप में गिरा। पारी की शुरुआत करने वाले मार्श अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन 16 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर वह नासिर जमशेद द्वारा रन आउट कर दिए गए। उस समय टीम का कुल योग 41 रन था।
इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन (40) और हरफनमौला शेन वॉटसन (40) ने टीम का कुल योग 95 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी योग पर हेडिन आफरीदी की गेंद पर कप्तान यूनुस खान द्वारा लपक लिए गए। हेडिन ने अपनी 52 गेंदों की पारी में तीन चौके और एक छक्का जड़ा।
अफरीदी और नए गेंदबाज सईद अजमल ने कप्तान माइकल क्लार्क (4), एंड्रयू सायमंड्स (2), नेथन हॉरिट्ज (1) और कैलम फग्र्यूसन (2) को भी सस्ते में निपटा दिया। वॉटसन 107 रन के कुल योग पर अफरीदी द्वारा बोल्ड किए गए। उन्होंने अपनी 47 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का जड़ा।
इससे पहले, आस्ट्रेलियाई कप्तान क्लार्क ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पांच मैचों की इस श्रृंखला के लिए क्लार्क को कप्तान नियुक्त किया गया है क्योंकि नियमित कप्तान रिकी पोंटिंग ने आराम पाने के लिए इस श्रृंखला में नहीं खेलने का फैसला किया है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के कप्तान यूनुस पहली बार किसी विदेशी आयोजन स्थल पर अपनी टीम की कमान संभालेंगे। साथ ही बतौर कप्तान आस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी यह पहली श्रृंखला है।
इस श्रृंखला का आयोजन पाकिस्तान में होना था लेकिन आस्ट्रेलियाई टीम ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान दौरा करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद इस श्रृंखला को यूएई में कराने का फैसला किया गया। दुबई में यह पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया की पहली भिड़ंत है। दुबई स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में स्थित क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता 25,000 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications