ISL-6 : ओडिशा और हैदराबाद के बीच होगी टक्कर, दोनों की नजरें दूसरी जीत पर
पुणे, 10 दिसम्बर। ओडिशा एफसी और हैदराबाद एफसी बुधवार को जब यहां श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में होने वाले हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी तो उनकी कोशिश सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज करने की होगी। दोनों टीमें इस सीजन में अब तक संघर्ष करती आ रही है। ओडिशा सात मैचों में छह अंकों के साथ अंकतालिका में सातवें नंबर पर हैं जबकि हैदराबाद इतने ही मैचों में चार अंकों के साथ सबसे नीचे हैं। दोनों ही टीमों ने अब तक एक-एक मैच जीते हैं।

ओडिशा की नजरें प्लेऑफ की ओर
ओडिशा एफसी के कोच जोसेफ गोम्बाउ अभी भी परिणाम को महत्व नहीं दे रहे हैं। गोम्बाउ ने कहा, ‘‘कल का मैच अहम है। हमारे यह एक बहुत बड़ा मैच है। हमारे पास नौ अंक हासिल करने और प्लेऑफ के करीब पहुंचने का मौका है। यह जरूरी है कि हम इसे मानसिक रूप से लें और खुद पर ज्यादा दबाव न बढ़ाएं।''टीम के लिए अच्छी बात यह है कि सिस्को हर्नांडीज और जैरी माविमिगांगथांगा जैसे खिलाड़ी मौके बना रहे हैं लेकिन वे इसे गोल में नहीं तब्दील कर पा रहे हैं। टीम ने अब तक नौ गोल खाए हैं और इनमें चार गोल उसने फ्री किक या फिर कॉर्नर पर खाए हैं।

ब्राउन को वापसी की उम्मीद
दूसरी तरफ, कोच फिल ब्राउन के लिए यह जरूरी है कि उसकी हैदराबाद की टीम गोवा से पिछले मैच में मिली हार को पीछे छोड़कर आगे बढ़े। टीम के लिए खतरे की बात यह है कि उसके स्टार खिलाड़ी मार्सिलिन्हो इस मैच के लिए निलंबित हैं। उन्हें अब तक चार बार पीला कार्ड मिल चुका है। टीम का डिफेंस काफी खराब खेल रहा है, जिसके कारण टीम को अब तक 14 गोल खाने पड़े हैं। ब्राउन को उम्मीद है कि उनकी टीम वापसी करेगी।

हैदराबाद खलेगी मार्को कमी
ब्राउन ने कहा, ‘‘हम ओडिशा, उनके कोच और खिलाड़ियों का सम्मान करते हैं। लेकिन हम भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। एक कोच के नाते मेरी यह जिम्मेदारी बनती है कि खिलाड़ी परिणाम से हताश न हो। ओडिशा को बॉल पजेशन काफी अच्छा है। लेकिन पजेशन के चलते ही आप मैच नहीं जीतते। मौकों को अच्छे से भुनाने की जरूरत है और कल के मैच में हम यही करने की कोशिश करेंगे।'' हैदराबाद के लिए अच्छी खबर यह है कि सेंटर बैक गुर्तेज सिंह और लेफ्ट बैक साहिल पंवार फिर से मुकाबले में लौट आए हैं। लेकिन टीम को मिडफील्डी मार्को स्टानकोविक की कमी खलेगी, जो ओडिशा के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। उन्हें गोवा के खिलाफ पिछले मैच में चोट लग गई थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
