नई दिल्ली। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में मुम्बई सिटी एफसी का अब तक का सफर शानदार रहा है लेकिन जॉर्ज कोस्टा की इस टीम को अभी भी काफी काम करना है। अब जबकि उसका सामना अपने घरेलू मैदान-मुम्बई फुटबाल एरेना में चेन्नइयन एफसी से होना है, मुम्बई की टीम अपना अजेय क्रम बरकरार रखना चाहेगी।
बीते पांच मैचों में से चार में मुम्बई ने जीत हासिल की है। एक मैच ड्रॉ रहा है। अगर वह खराब दौर से गुजर रही चेन्नइयन एफसी को हराने में सफल रही तो यह आईएसएल इतिहास में उसका अब तक का सबसे अच्छा अजेय क्रम होगा। गोवा के खिलाफ पांच गोल खाने के बाद मुम्बई की डिंफेंस में काफी सुधार आया है और तब से लेकर अब तक उसने सिर्फ दो गोल खाए हैं।
गोवा से मिली करारी हार के बाद मुम्बई की टीम काफी बदली हुई दिखी है। इसमें विदेशी खिलाड़ियों का काफी योगदान रहा है क्योकि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। कोस्टा ने कहा, ''हमने बीते सीजन की तुलना में काफी कुछ बदला है। हमें इस सीजन की शुरुआत में अधिक समय नहीं मिला। हमें व्यवस्थित होने के लिए समय चाहिए था। अब हम स्थिर हो चुके हैं और हमारा लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ तीन अंक हासिल करने के लिए प्रयास करते रहना है।''
कोस्टा की टीम में पाउलो माचादो मिडफील्ड में अहम कारक बनकर उभरे हैं और राइट फ्लैंत में अर्नाल्ड इसोको ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विपक्षी डिफेंडरों को खूब परेशान किया है। मोडोउ सोगोउ चेन्नई में मिली 1-0 की जीत के बाद स्कोरशीट पर अपना नाम नहीं दर्ज करा पाए हैं लेकिन गुरुवार को होने वाले मुकाबले के माध्यम से वह एक और गोल अपने खाते में डालना चाहेंगे।
ऐसा इसलिए क्योकि हर टीम ने चेन्नइयन के खिलाफ खूब गोल किए हैं और चेन्नइयन के खिलाफ हुए गोलों की संख्या 19 पहुंच चुकी है।
इस अहम मैच से पहले चेन्नई के कोच जॉन ग्रेगोरी ने भी मुम्बई टीम की तारीफ की है। ग्रेगोरी ने कहा, ''मैं समझता हूं कि मुम्बई की टीम संतुलित है। अर्नाल्ड अच्छा खेल रहे हैं। माटियास मिराबाजे भी अच्छे हैं लेकिन वह जल्दी-जल्दी चोटिल होते हैं। मैं कप्तान लूसियान गोइयान को भी पसंद करता हूं। मुम्बई की ताकत टीमवर्क में है। इस टीम के पास कोई कमजोर कड़ी नहीं है। यह काफी संतुलित है।''
मौजूदा चैम्पियन चेन्नई के लिए यह सीजन काफी खराब रहा है। उसे शुरुआती 10 मैचों से सिर्फ पांच अंक मिल सके हैं। अभी उसे आठ मैच और खेलने हैं। ऐसे में ग्रोगोरी मानते हैं कि टॉप-4 में पहुंचने के लिए उनकी टीम को किसी चमत्कार का इंतजार होगा।
कोच ने कहा, ''हमें अपने बाकी बचे सभी मैच जीतने होंगे। इसी से हमारे आगे जाने की सम्भावनाओं को बल मिल सकता है। फुटबाल में कुछ भी असम्भव नहीं। हमें अब हर मैच में तीन अंकों के लिए खेलना होगा क्योकि यह हमारे आगे के सफर के साथ-साथ हमारी मर्यादा का भी सवाल है।''
मेरिना मचान्स नाम से मशहूर यह टीम काफी दबाव में है। इसके कई बड़े स्टार चल नहीं सके हैं। जेजे लालपेखलुवा के लिए यह आईएसएल का अब तक का सबसे खराब सीजन है। इसके अलावा जेरी लालरिंजुआला भी अच्छा नहीं खेल रहे हैं। इससे फारवर्ड पंक्ति का काम प्रभावित हो रहा है।
मोहम्मद रफी एक अनुभवी स्ट्राइकर हैं और ग्रेगोरी अगले कुछ मैचों मे उन्हें मौका देने के बारे में सोच सकते हैं।