जमशेदपुर। ज्यादा समय पहले की बात नहीं है जब 14 साल के अनिकेत जाधव हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पहले संस्करण में पुणे के बालेवाडी स्टेडियम में प्रीतम कोटाल और लैनी रोड्रिग्वेज की जैसे खिलाड़ियों को बॉलब्वॉय के तौर पर गेंद को पास कर रहे थे। लीग के छठे सीजन में अनिकेत अब जमशेदपुर एफसी के साथ आईएसएल पदार्पण कर रहे हैं।
फीफा अंडर-17 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा रहे अनिकेत ने मंगलवार को ओडिशा एफसी के खिलाफ मुकाबले से आईएसएल में अपना पदार्पण किया।
19 वर्षीय अनिकेत ने कहा, ''ईमानदारी से कहूं, तो अपने पहले हीरो आईएसएल सीजन में जमशेदपुर एफसी के साथ जुड़ने के लिए मैं बहुत उत्साहित था। मैं इस सीजन के लिए तैयार हूं ।''
यह पूछे जाने पर कि जमशेदपुर एफसी को आपने क्यों चुना, उन्होंने कहा, ''जब मैं युवा था तब मैं आईएसएल के पहले दो सीजन में पुणे के बेलवाडी स्टेडियम में बॉल ब्वॉय के तौर पर सुब्रतो पॉल और स्टीवन डियास (जमशेदपुर एफसी के सहायक कोच) जैसे दिग्गजों को फॉलो करता था । जमशेदपुर एफसी के साथ जुड़ने से पहले मैंने पांच-छह सीनियर खिलाड़ियों के साथ बातचीत की थी और सभी ने क्लब के बारे में अच्छी बातें कही थीं।''
सीजन की समाप्ति के दौरान अनिकेत को इंग्लिश क्लब ब्लैकबर्न रोवर्स में तीन महीने की ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था। वहां उन्होंने शानदार अनुभव हासिल किया, जिसका वह आईएसएल में इस्तेमाल करना चाहते हैं।
अनिकेत ने कहा, ''मेरे लिए यह एक शानदार दौरा था। एक पेशेवर फुटबाल खिलाड़ी के रूप में मैंने बहुत कुछ सीखा। ब्लैकबर्न रोवर्स में खिलाड़ियों और कोचों से सीखने के लिए बहुत कुछ था, जिसे अब मैं इस सीजन में इस्तेमाल करूंगा।''
जमशेदपुर एफसी ने पिछले सीजन अनिकेत के साथ करार किया था लेकिन बाद में एरॉज को लोन पर दे दिया था। अनिकेत को निश्चित रूप से यह पता था कि अनुभवी सीके विनीत और भारत के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी फारूख चौधरी जैसे दिग्गजों से पहले टीम शीट पर अपना नाम लिखना उनके लिए बहुत मुश्किल है। लेकिन उन्होंने निश्चित रूप से अपने तरीके से ही इस काम को अंजाम दिया है।