कोलंबो टेस्ट : शतक के बाद विदा हुए पारानाविताना (लीड-5)
221 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 100 रन बनाने वाले पारानाविताना का विकेट 273 रन के कुल योग पर गिरा। पारानाविताना ने इस श्रृंखला में दूसरा शतक जड़ा। उन्होनें गॉल टेस्ट की पहली पारी में भी शानदार सैकड़ा लगाया था। पारानाविताना ने कप्तान कुमार संगकारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 174 रन जोड़े।
श्रीलंकाई टीम ने 73 ओवरों के खेल के दौरान दो विकेट खोकर 275 रन बनाकर अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। पारानाविताना की विदाई के बाद विकेट पर आए पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने खाता नहीं खोला है जबकि कप्तान संगकारा ने 177 गेंदों पर 12 चौकों की सहायता से 107 रन बनाए हैं। संगकारा ने अपने टेस्ट करियर का 23वां शतक लगाया। उन्होंने पहली पारी में भी शतक लगाया था।
सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दोनों सलामी बल्लेबाजों-पारानाविताना और तिलकरत्ने दिलशान ने बेहरीन शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े। दिलशान 54 रन बनाकर प्रज्ञान ओझा की गेंद पर वी.वी.एस. लक्ष्मण के हाथों लपके गए।
मैच आरंभ होने से ठीक पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और मध्यक्रम के बल्लेबाज युवराज सिंह को चोटिल होने की वजह से अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ा। गंभीर के घुटने में चोट है और ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। दूसरी ओर, गॉल टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज बीमार होने की वजह से नहीं खेल पा रहे हैं।
इन दोनों के स्थान पर टीम में मुरली विजय और सुरेश रैना को शामिल किया गया है। रैना का यह पहला टेस्ट मैच है। मुरली दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। भारतीय टीम पहले ही खिलाड़ियों की खराब फिटनेस और औसत दर्जे के प्रदर्शन से मुश्किल में है।
तेज गेंदबाज जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत चोटिल होने की वजह से पहले ही इस दौरे से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में अब गंभीर और युवराज का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications