आईपीएल के आयोजन के लिए दक्षिण अफ्रीका में सरगर्मियां तेज
प्राप्त सूचना के अनुसार दक्षिण अफ्रीकी सरकार और वहां के क्रिकेट बोर्ड-क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने गुपचुप तरीके से आईपीएल के आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आईपीएल के आयोजन को लेकर सीएसए अब ज्यादा खुलकर सामने आ चुका है। आईपीएल सूत्रों का कहना है कि वह तीन सप्ताह से भी कम समय में शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर चुका है।
सीएसए इसके लिए अपने देश की सरकार के साथ संपर्क में है। सीएसए ने सरकार से जरूरी मदों को लेकर सहायता की मांग की है। सूत्रों का कहना है कि सीएसए ने इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई है।
आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी सोमवार को आयोजन स्थलों का मुआयना करने के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि मोदी ने लंदन जाने के कार्यक्रम में फेरबदल किया है। वह पहले दक्षिण अफ्रीका में जा रहे हैं और उसके बाद इंग्लैंड।
सीएसए ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, "सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेराल्ड मजोला मंगलवार को आईपीएल प्रमुख ललित मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों के बीच आईपीएल के आयोजन को लेकर चर्चा होगी।"
आईपीएल के मेजबान के रूप में इंग्लैंड की दावेदारी कमजोर दिख रही है क्योंकि साल के इस वक्त में वहां काफी बारिश होती है। मोदी ने भी स्वीकार किया है कि बारिश के कारण इंग्लैंड की मेजबानी की दावेदारी कमजोर दिख रही है।
पिछले साल की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स टीम के मालिकों में से एक मनोज बडाले ने भी कहा है कि दक्षिण अफ्रीका आईपीएल के लिए सबसे उपयुक्त आयोजन स्थल हो सकता है। लंदन में रहने वाले बडाले ने आशंका जताई है कि इंग्लैंड में इस टूर्नामेंट पर बारिश की मार पड़ सकती है।
अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाते हुए दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने अपने सभी आठ प्रांतीय क्रिकेट बोर्डो को आईपीएल के लिए मैदानों को खाली करने के निर्देश दिए हैं।
दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शान पोलाक के अनुसार उनका देश आईपीएल के लिए उपयुक्त मेजबान साबित होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications