कोलंबो टेस्ट : श्रीलंका ने खड़ा किया 642 रनों का स्कोर (राउंडअप)
सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की धुआंधार अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने दिन का खेल खत्म तक 95 रन बनाए थे। सहवाग 63 गेंदों पर 64 रन बनाकर नाबाद थे जबकि दूसरी छोर पर मुरली विजय 50 गेंदों पर 22 रन बनाकर डटे हुए थे।
सहवाग जहां आक्रामक अंदाज में खेल रहे थे वहीं विजय संभलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ा रहे थे। गौतम गंभीर के चोटिल होने की वजह से विजय को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय टीम पहली पारी में अभी भी 547 रनों से पिछड़ी हुई है।
इससे पहले, श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा ने अपने नायब माहेला जयवर्धने (174) का विकेट गिरने के साथ पारी समाप्ति की घोषणा कर दी। जयवर्धने के रूप में श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा। उन्होंने 244 गेंदों का सामना करते हुए 174 रन बनाए और इस दौरान 20 चौके जड़े और एक छक्का लगाया। यह उनके करियर का 28वां और इस मैदान पर 10वां शतक है।
लंबे समय तक जयवर्धने का साथ देने वाले थिलन समरवीरा 76 रन बनाकर नाबाद लौटे। समरवीरा ने 121 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए। अपनी इस पारी में 62 रन के योग पर पहुंचने के साथ समरवीरा ने टेस्ट मैचों में 4000 रन पूरे कर लिए।
इस मुकाम पर पहुंचने वाले वह श्रीलंका के आठवें बल्लेबाज हैं। श्रीलंका के लिए सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने का रिकार्ड माहेला जयवर्धने के नाम है जबकि कप्तान कुमार संगकारा दूसरे स्थान पर हैं।
मैच के पहले दिन अपने करियर का 23वां शतक लगाने वाले संगकारा दूसरे दिन मंगलवार को 219 रन बनाकर तीसरे बल्लेबाज के रूप में पेवेलियन लौटे। संगकारा ने करियर का सातवां दोहरा शतक लगाया। श्रीलंकाई कप्तान वीरेंद्र सहवाग की गेंद पर राहुल द्रविड़ के हाथों लपके गए। वह मैच के पहले दिन 130 रन के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे।
बेजान दिख रही भारतीय गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई टीम ने भोजनकाल के ठीक बाद 500 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। मेजबान टीम ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 312 रन बनाए थे। पहले दिन श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों थरंगा पारानाविताना (100) और तिलकरत्ने दिलशान (54) ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े थे जबकि पारानाविताना ने संगकारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 174 रन जोड़े।
खेल के पहले दिन मैच आरंभ होने से ठीक पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे थे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और मध्यक्रम के बल्लेबाज युवराज सिंह को अनफिट होने की वजह से अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ा। गंभीर के घुटने में चोट है और ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। दूसरी ओर, गॉल टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज बीमार होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं।
इन दोनों के स्थान पर टीम में मुरली विजय और सुरेश रैना को शामिल किया गया है। रैना का यह पहला टेस्ट मैच है। मुरली दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। भारतीय टीम पहले ही खिलाड़ियों की खराब फिटनेस और औसत दर्जे के प्रदर्शन से मुश्किल में है। तेज गेंदबाज जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत चोटिल होने की वजह से पहले ही इस दौरे से बाहर चल रहे हैं।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications