टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही श्रीलंकाई टीम ने एक समय 41.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे लेकिन दो ओवर के अंतराल में उसने मात्र दो रन बनाकर चार विकेट गंवा दिए।
श्रीलंका को मजबूत स्कोर देने में अहम किरदार निभाने वाले सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान शतक से तीन रनों से चूक गए। वह 117 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 97 रन बनाकर आउट हुए।
श्रीलंका ने थिलिना केनडैंबी (26) का विकेट 255 रन पर गंवाया था। इसके बाद इसी स्कोर पर दिलशान दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रोहित शर्मा द्वारा रन आउट कर दिए गए।
256 रन के कुल योग पर श्रीलंका ने चमारा कापूगेदेरा (0) के रूप में अपना पांचवां विकेट गंवाया। इसके बाद ठीक इसी स्कोर पर कप्तान माहेला जयवर्धने (1) भी पेवेलियन लौट गए।
खबर लिखे जाने तक हरफनमौला फरवेज महरूफ आठ गेंदों पर एक चौके की मदद से 9 रन और थिलान तुषारा 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर खेल रहे थे।
भारत की ओर ईशांत शर्मा और युवराज सिंह ने दो-दो विकेट लिए जबकि एक विकेट इरफान पठान के खाते में गया है। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब तक नौ गेंदबाजों का उपयोग कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।