फीफा विश्व कप : जर्मनी को हराकर स्पेन फाइनल में पहुंचा
वर्ष 2008 में यूरो कप खिताब जीतने वाली स्पेन की टीम ने खेल के हर विभाग में तीन बार के चैम्पियन जर्मनी को दोयम साबित किया और 11 जुलाई को सॉकर सिटी स्टेडियम में हॉलैंड के साथ खिताबी मुकाबले में खेलने का अधिकार हासिल किया। हॉलैंड की टीम उरुग्वे को हराकर तीसरी बार फाइनल में पहुंची है।
स्पेन की टीम पहली बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। उम्मीद के मुताबिक यह मुकाबला बेहद कांटे का रहा। दोनों टीमों ने श्रेष्ठता की इस जंग में जमकर लोहा लिया और मध्यांतर तक अपने खिलाफ एक भी गोल नहीं होने दिया।
73वें मिनट में स्पेन को मिले कार्नर पर जावी ने किक लिया और अपनी जुझारू शक्ति के लिए मशहूर मजबूत कदकाठी वाले पूयोल ने 15 गज की दूरी से लिए गए गोली की गति वाले हेडर की मदद से गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
84वें मिनट में स्पेन को बढ़त हासिल करने का शानदार मौका मिला लेकिन प्रेडो ने उसे गंवा दिया। प्रेडो और फर्नाडो टॉरेस जर्मन डिफेंडरों की मौजूदगी में डीएरिया में पहुंच गए थे लेकिन गेंद अपने पास रखने वाले प्रेडो ने टॉरेस को पास नहीं दिया और स्पेन के हाथ से 2-0 की बढ़त हासिल करने का यह मौका निकल गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications