मियांदाद ने पीसीबी ने नाता तोड़ा, महानिदेशक पद से हटे (लीड-1)
कराची, 28 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने अपने काम में दखलअंदाजी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज बट्ट के साथ हुई अनबन के बाद पीसीबी महानिदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।
मियांदाद ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि उन्होंने लाहौर में बट्ट से मुलाकात की थी लेकिन बतौर महानिदेशक उनकी भूमिका को लेकर कोई नतीजा नहीं निकल सका। दो महीने पहले महानिदेशक नियुक्त किए गए मियांदाद बोर्ड में अपनी भूमिका को लेकर खासे नाराज थे। उनका कहना था कि उन्हें स्वतंत्र तौर पर काम नहीं करने दिया जा रहा है।
इससे पहले तीन बार पाकिस्तानी टीम के कोच रह चुके मियांदाद ने महानिदेशक बनने के कुछ दिनों बाद घरेलू क्रिकेट की संरचना में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी थी लेकिन प्रांतीय क्रिकेट संघों के अध्यक्ष इसे लेकर उनसे काफी नाराज थे।
मियांदाद ने कहा, "पीसीबी में मुझे घरेलू स्तर पर सीमित करने की साजिश की जा रही थी। मैं बतौर महानिदेशक अंतर्राष्ट्रीय मामलों में दखल नहीं दे सकता था। मुझे अपने काम में किसी प्रकार की दखलंदाजी मंजूर नहीं थी। यही कारण है कि मैंने पद छोड़ने का फैसला किया।"
खास बात यह है कि दो महीने पहले मियांदाद की नियुक्ति करते हुए बट्ट ने एक विज्ञप्ति जारी की थी, जिसमें कहा गया था कि मियांदाद बोर्ड में दूसरे सबसे ऊंचे अधिकारी के तौर पर अपना योगदान देंगे।
इसके अलावा मियांदाद बतौर महानिदेशक पीसीबी द्वारा दिए जा रहे वेतन और अन्य सुविधाओं से काफी नाराज थे। पीसीबी ने उन्हें पांच लाख रुपये महीने वेतन और अन्य सुविधाएं देने की बात कही थी लेकिन मियांदाद इससे कहीं अधिक वेतन चाहते थे।
मियांदाद के मुताबिक वह पीसीबी से जुड़ने से पहले मीडिया से जुड़े कार्यो के बदले लाखों रुपये कमा रहे थे लेकिन पीसीबी के साथ जुड़कर वह क्रिकेट के हित में काम कर सकते थे, इसलिए उन्होंने नुकसान में काम करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, "मैं जानता था कि वेतन के लिहाज से मैं काफी नुकसान में हूं लेकिन पीसीबी के साथ जुड़े रहकर मैं क्रिकेट की सेवा कर सकता था। यहां आने के बाद मुझे पता चला कि मुझे स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा है। यही कारण है कि मैंने अपना पद छोड़ने का फैसला किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications