समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' ने इमर्सन के हवाले से लिखा है, "बीते 15 वर्षो में मुरली के लिए मेरी राय नहीं बदली है। वह विश्व रिकार्ड के काबिल नहीं हैं।"
इमर्सन ने 1999 में एडिलेड में खेले गए एकदिवसीय मुकाबले के दौरान मुरली को चकिंग का दोषी बताया था। उन्होंने मुरली के खिलाफ लगातार नो बाल देकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया था।
इससे पहले गाबा में खेले गए एकदिवसीय मैच के दौरान भी इमर्सन ने मुरली के खिलाफ सात नो बाल के फैसले सुनाए थे।
इमर्सन ने कहा, "आप मुरली और शेन वार्न के रिकार्ड की तुलना नहीं कर सकते। वार्न का एक्शन कभी विवादित नहीं रहा है। मुरली बहुत अच्छे प्रतिस्पर्धी और महान गेंदबाज हैं लेकिन अपने करियर के दौरान उन्होंने हमेशा नियमों के दायरे में रहकर गेंदबाजी नहीं की है।"
उल्लेखनीय है कि टेस्ट मैचों में सर्वाधिक 792 विकेट लेने वाले मुरली ने बुधवार को इस महीने की 18 तारीख को भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले टेस्ट मैच के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।