स्थानीय सिंघली स्पोर्ट्स मैदान पर दूसरे दिन पहले ही सत्र में कप्तान कुमार संगारा ने पहले 150 रन पूरा किए। इसके बाद वह 200 का आंकड़ा पार कर गए। इस मैच में संगकारा ने अपने टेस्ट करियर का यह 23वां शतक और सातवां दोहरा शतक जड़ा है। वह पहले दिन 130 रन के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे। बेजान दिख रही भारतीय गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई टीम ने स्थिति काफी मजबूत कर ली है। संगकारा 203 और माहेला जयवर्धने 65 रन बनाकर नाबाद हैं।
मेजबान टीम ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 312 रन बनाए थे। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों थरंगा पारानाविताना (100) और तिलकरत्ने दिलशान (54) ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े थे जबकि पारानाविताना ने कप्तान कुमार संगकारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 174 रन जोड़े थे।
मैच आरंभ होने से ठीक पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और मध्यक्रम के बल्लेबाज युवराज सिंह को चोटिल होने की वजह से अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ा। गंभीर के घुटने में चोट है और ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। दूसरी ओर, गॉल टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज बीमार होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं।
इन दोनों के स्थान पर टीम में मुरली विजय और सुरेश रैना को शामिल किया गया है। रैना का यह पहला टेस्ट मैच है। मुरली दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। भारतीय टीम पहले ही खिलाड़ियों की खराब फिटनेस और औसत दर्जे के प्रदर्शन से मुश्किल में है। तेज गेंदबाज जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत चोटिल होने की वजह से पहले ही इस दौरे से बाहर चल रहे हैं।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।