सिंहावलोकन-2008 : रोमांच और विवाद से सराबोर रहा क्रिकेट
नई दिल्ली, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। इस वर्ष क्रिकेट की दुनिया में रोमांच रहा तो विवाद भी खूब हुए। कई कीर्तिमान बने और टूटे। भारत में सचिन तेंदुलकर व महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी काबलियत का लोहा मनवाया तो सौरव गांगुली और अनिल कुंबले ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
देश में इंडियन क्रिकेट लीग (आईपीएल) क्रिकेटप्रेमियों के लिए अलग रोमांच लेकर आया। इसमें कई जानीमानी हस्तियों ने खूब पैसा भी लगाया। आईपीएल व्यावसायिक क्रिकेट का नया और रोमांचकारी चेहरा बना।
इस वर्ष विश्व क्रिकेट में आस्ट्रेलिया का साम्राज्य भी डगमगाता दिखाई दिया। भारत ने आस्ट्रेलिया की सरजमीं पर ही उसे कड़ी टक्कर दी और अपने घरेलू मैदान पर उसे धूल चटा दी। दूसरी ओर सचिन तेंदुलकर रन बनाने के मामले में ब्रायन लारा को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे आगे निकल गए।
यह साल विवादों के लिए भी खास तौर पर याद रखा जाएगा। आस्ट्रेलिया दौरे के समय हरभजन-सायमंड्स विवाद ने क्रिकेट की दुनिया में भूचाल ला दिया। हरभजन पर नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप लगा जो बाद में सिद्ध नहीं हो सका।
प्रसिद्ध अंपायर स्टीव बकनर के विवादास्पद फैसले भारतीय टीम पर भारी पड़े और उसे आस्ट्रेलिया के हाथों सीरीज गंवानी पड़ी। भारतीय टीम को केवल बकनर ने ही परेशान नहीं किया बल्कि श्रीलंका के नवोदित गेंदबाज अजंता मेंडिस के सामने भारत के सभी धुरंधर कमजोर पड़ते दिखाई दिए।
भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से छाए रहने वाले सौरव गांगुली और अनिल कुंबले ने संन्यास लिया। अहम बात यही रही कि दोनों की बिदाई शानदार ढंग से हुई।
साल के आखिर में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को अपने घरेलू मैदान पर पराजित किया। भारत ने एकदिवसीय सीरीज को 5-0 और टेस्ट सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया।
मुंबई में हुए आतंकवादी हमले का असर भी क्रिकेट पर खूब दिखा। इंग्लैंड की टीम भारत दौरा बीच में छोड़कर ही चली गई। हालांकि वह बाद में लौट भी आई। इस हमले के बाद भारत ने अपना प्रस्तावित पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications