श्रीलंकाई टीम स्वेदश लौटी, घायल खिलाड़ी अस्पताल में भर्ती (लीड-1)
कोलंबो, 4 मार्च (आईएएनएस)। लाहौर में मंगलवार को आतंकवादी हमले का सामना करने के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम बुधवार तड़के स्वेदश पहुंच गई। घायल खिलाड़ियों को तत्काल एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टीम स्थानीय समयानुसार बुधवार तड़के 3.50 बजे श्रीलंकन एयरलाइंस के एक विशेष विमान से कोलंबो हवाई अड्डे पहुंची। कोलंबो के भंडारनायके अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लोगों ने अपने खिलाड़ियों का भावविह्वल होकर स्वागत किया।
हमले में घायल श्रीलंकाई टीम के दो खिलाड़ियों थिलन समरवीरा और थारंगा परनाविथराना को कोलंबो के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्रीलंका के खेल मंत्री जैमिनी लोकुगे ने बताया, "हमने खिलाड़ियो की वापसी के लिए के लिए विशेष चिकित्सा दल भेजा था। ज्यादातर घायल खिलाड़ियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।"
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की हालत गंभीर नहीं है लेकिन चिकित्सा दल की सलाह पर उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि समरवीरा और थारंगा को अभी उपचार की जरूर पड़ेगी और उनका ऑपरेशन भी करना पड़ सकता है।
कप्तान माहेला जयवर्धने थके हुए और सदमे में दिखाई दे रहे थे लेकिन उन्होंने जबरन मुस्कराकर संवाददाताओं से कुछ बात की। हमले में घायल तेज गेंदबाज चमिंडा वास और टीम के उप कप्तान कुमार संगकारा ने संवाददाताओं से कहा, "हम अभी कुछ नहीं सोच सकते। इससे उबरने कुछ वक्त लगेगा।"
गौरतलब है कि लाहौर में मंगलवार सुबह श्रीलंकाई टीम पर अज्ञात बंदूकधारियों ने उस समय हमला किया जब टीम के सदस्य बस में सवार होकर गद्दाफी स्टेडियम जा रहे थे। हमले में श्रीलंका के छह खिलाड़ी और टीम के सहायक कोच जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications