टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही आस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 15 रन के कुल योग पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। हालांकि इसके बाद माइकल क्लार्क, साइमन कैटिच, एंड्रयू सायमंड्स और ब्रैड हेडिन ने अच्छी पारियां खेल अपनी टीम को मुश्किल से उबार लिया।
आस्ट्रेलिया का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन (12) के रूप में गिरा। हेडन को 14 रन के कुल योग पर तेज गेंदबाज मखाया एंटिनी ने कप्तान ग्रीम स्मिथ के हाथों स्लिप में कैच करा दिया।
कुल योग में अभी एक भी रन नहीं जुड़ा था कि कप्तान रिकी पोंटिंग (0) भी एंटिनी की गेंद पर अब्राहम डिविलियर्स के हाथों लपके गए। आस्ट्रेलिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं थीं, तभी 15 के कुल योग पर डेल स्टेन ने माइकल हसी (0) को भी पेवेलियन की राह दिखा दी।
इसके बाद पारी को संवारने का दारोमदार कैटिच और क्लार्क पर आ गया, जिसे दोनों ने बखूभी निभाया और चौथे विकेट के लिए 149 रन जोड़े। कैटिच ने सबसे अधिक 83 रन बनाए जबकि क्लार्क ने 62 रनों का योगदान दिया।
कैटिच ने 151 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया जबकि क्लार्क ने 141 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए। हालांकि आस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी इस जोड़ी को चायकाल से ठीक पहले गंवा दिया।
इसके बाद सायमंड्स ने 68 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 57 रनों की पारी खेली और हेडिन (46) के साथ टीम को मुश्किलों से उबार लिया। हेडिन ने अपनी 68 गेंदों की पारी में चार चौके और चो छक्के लगाए। ब्रेट ली ने भी 29 रनों का योगदान दिया।
दिन का खेल खत्म होने पर जेसन क्रेजा (19) और पीटर सिडल (0) रनों पर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एंटिनी ने तीन विकेट लिए हैं जबकि स्टेन, मोर्कल और हैरिस के खाते में दो-दो विकेट गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।