चेन्नई ओपन : युवाओं के पास चमकने का मौका
चेन्नई, 4 जनवरी (आईएएनएस)। चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट का 14वां संस्करण सोमवार से शुरू हो रहा है। इस आयोजन की खासियत यह है कि यहां पिछले दो साल से किसी शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने खिताब नहीं जीता है। इस लिहाज से यहां हर बार किसी नए खिलाड़ी के चमकने के आसार बने रहते हैं।
इस बार रूस के निकोली डेवीडेंको को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। यहां खेलने जा रहे डेवीडेंको ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो विश्व वरीयता क्रम में शीर्ष-10 में शामिल हैं। कुल 32 खिलाड़ी इस बार अपनी किस्मत आजमाएंगे लेकिन इनके बीच डेवीडेंको के हावी रहने के आसार अधिक हैं।
चेन्नई ओपन में राफेल नडाल, पैट्रिक रॉफ्टर, पैट कैश, कार्लोस मोया और बोरिस बेकर जैसे ग्रैंड स्लैम विजेता खिलाड़ी हिस्सा ले चुके हैं। मोया लगातार छठे साल यहां खेलने पहुंचे हैं।
इसके अलावा इस बार कुछ युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा की झलक दिखाएंगे। इनमें स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वॉवरिंका और क्रोएशिया के मैरिन सिलिक हैं, जो खिताब के करीब पहुंच सकते हैं।
भारतीय चुनौती की बात करें तो प्रकाश अमृतराज और वाइल्डकार्ड से प्रवेश पाने वाले सोमदेव देवबर्मन जहां एकल वर्ग में दिखेंगे वहीं महेश भूपति अपने जोड़ीदार मार्क नोल्स और लिएंडर पेस अपने जोड़ीदार लुका डुल्ही के साथ युगल में चुनौती पेश करते देखे जा सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications