सीए की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष गार्डन लेविस ने गुरुवार को लगभग दो घंटे की सुनवाई के बाद सायमंड्स को व्यवहार संबंधी आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाते हुए केवल जुर्माना लगाकर छोड़ दिया।
उल्लेखनीय है कि सायमंड्स को जब यह पता चला था कि न्यू साउथ वेल्स की प्रांतीय टीम ने ट्वेंटी-20 फाइनल मुकाबले के लिए मैक्कलम को अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया है तो वह इस बात को लेकर नाराज हो गए कि मैक्कलम के कारण एक स्थानीय खिलाड़ी का स्थान छिन जाएगा।
इस घटना के बाद सायमंड्स ने एक रेडियो कार्यक्रम के दौरान मैक्कलम के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ। सायमंड्स ने हालांकि बाद में इस घटना को लेकर खेद जाहिर किया था लेकिन सीए ने इसे गंभीरतापूर्वक लेते हुए उन्हें अनुशासनात्मक समिति के सामने पेश होने का निर्देश दिया था।
सीए की अनुशासनात्मक समिति का फैसला आने के बाद सायमंड्स ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने जुर्माना देना स्वीकार कर लिया है और साथ ही अपने बयान के लिए मैक्कलम से माफी भी मांग ली है।
बकौल सायमंड्स, "मैं फिर कहता हूं कि मैंने काफी हल्के-फुल्के अंदाज में मैक्कलम के बारे में अपने विचार रखे थे। अब जबकि अनुशासनात्मक समिति ने मेरे खिलाफ फैसला सुना दिया है तो मैं उसे स्वीकार करता हूं। मैं एक बार फिर मैक्कलम से माफी मांगना चाहता हूं।"
सायमंड्स ने कहा कि वह हमेशा की तरह आस्ट्रेलियाई क्रिकेट और क्वींसलैंड क्रिकेट के प्रति प्रतिबद्ध बने रहेंगे। उन्होंने कहा, "मैं इस घटना को भूलकर आगे बढ़ना पसंद करुं गा। मैं खेल पर ध्यान देना चाहता हूं क्योंकि मैं सीए और क्वींसलैंड के प्रति प्रतिबद्ध हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।