शतक से चूके धोनी, भारत ने 4 विकेट गंवाए (लीड-4)
सलामी बल्लेबाजी गौतम गंभीर के साथ दूसरे विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी निभाने वाले धोनी के आउट होते ही भारत ने अपने तीन विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए।
भारतीय टीम का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (5) के रूप में 14 रन के कुल योग पर गिरा था। धोनी 202 के कुल योग पर आउट हुए। इसके बाद भारतीय टीम ने युवराज सिंह (5) और यूसुफ पठान (0) के विकेट भी जल्दी-जल्दी गंवा दिए।
खबर लिखे जाने तक भारत ने 37 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 219 रन बना लिए थे। गंभीर 107 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 91 रन बनाकर एक छोर पर डटे हुए हैं जबकि सुरेश रैना चार रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सहवाग को सस्ते में गंवा दिया था लेकिन धोनी और गंभीर ने श्रीलंकाई टीम को एक बार फिर ठीक उसी तरह हताश कर दिया, जिस तरह मंगलवार को इसी मैदान पर सहवाग और युवराज ने तीसरे विकेट के लिए 223 रन जोड़कर निराश किया था।
सहवाग ने तीसरे मुकाबले में श्रीलंकाई टीम की मिट्टी पलीद कर दी थी लेकिन इस मैच में तेज गेंदबाज नुवान कुलसेकरा ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ही उन्हें सनत जयसूर्या के हाथों कैच करा दिया।
कुलसेकरा ने युवराज और यूसुफ को भी चलता किया जबकि धोनी जयसूर्या की गेंद पर दिलहारा फर्नाडो के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी 96 गेंदों की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए।
भारत ने इस मैच में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और तेज गेंदबाज जहीर खान को आराम दिया है। उनकी जगह रोहित शर्मा और इरफान पठान को टीम में शामिल किया गया है। तेंदुलकर पहले तीन मैचों में दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से पगबाधा आउट करार दिए गए थे।
दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम ने स्पिनर असंथा मेंडिस को आराम देने का फैसला किया है। उनकी जगह एंजेलो मैथ्यूज खेल रहे हैं। पांच मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications