भारतीय क्रिकेट टीम कोलंबो पहुंची
कोलंबो, 26 जनवरी (आईएएनएस)। महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के साथ पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए सोमवार को कोलंबो पहुंच गई।
श्रृंखला की औपचारिक शुरुआत दाम्बुला में 28 जनवरी को खेले जाने वाले दिन-रात के एकदिवसीय मुकाबले के साथ होगी। इस श्रृंखला में पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच खेले जाने हैं। भारतीय टीम 10 फरवरी को स्वदेश रवाना हो जाएगी।
भारत और श्रीलंका के बीच जुलाई-अगस्त में टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला खेली गई थी। इस श्रृंखला की मेजबानी श्रीलंका ने की थी। भारतीय टीम टेस्ट श्रृंखला 1-2 से हार गई थी जबकि एकदिवसीय श्रृंखला में उसे 3-2 से जीत मिली थी।
भारतीय टीम दाम्बुला के लिए मंगलवार को रवाना होगी। इससे पहले वह राजधानी कोलंबो में ही रहेगी, जहां टीम होटल के इर्दगिर्द बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
कोलंबो पहुंची भारतीय टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर),सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, यूसुफ पठान, जहीर खान, ईशांत शर्मा, मुनाफ पटेल, रवींद्र जडेजा, प्रवीण कुमार, इरफान पठान और प्रज्ञान ओझा।
श्रृंखला का कार्यक्रम इस प्रकार है :
पहला एकदिवसीय मैच : 28 जनवरी, दाम्बुला (दिन-रात)
दूसरा एकदिवसीय मैच : 30 जनवरी, दाम्बुला (दिन-रात)
तीसरा एकदिवसीय मैच : 2 फरवरी, प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो (दिन-रात)
चौथा एकदिवसीय मैच : 5 फरवरी, प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो (दिन-रात)
पांचवां एकदिवसीय मैच : 8 फरवरी, सिंहली क्रिकेट स्टेडियम, कोलंबो
पहला ट्वेंटी-20 मैच : 10 फरवरी, प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो (दिन-रात)
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications