पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' ने पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से खबर दी है कि पीसीबी को आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगार्ट का एक ईमेल मिला है, जिसमें जून में दुबई पुलिस द्वारा आसिफ को हिरासत लिए जाने से जुड़े दस्तावेज भी संलग्न हैं।
पीसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी सलीम अल्ताफ के मुताबिक आईसीसी ने कहा है कि उसे ये दस्तावेज दुबई सरकार से प्राप्त हुए हैं और वह इनसे जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए पूरे मामले का फिर से जांच कराने जा रही है।
उल्लेखनीय है कि आसिफ को दुबई हवाई अड्डे पर 0.24 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया था। इस मामले में उन्हें 19 दिनों तक हिरासत में रखा गया था। बाद में उन्हें पाकिस्तान जाने की इजाजत दे दी गई लेकिन इस मामले में आसिफ पर लगे आरोप साबित हो चुके हैं।
पाकिस्तानी सीनेट की खेल समिति ने बुधवार को आसिफ पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की वकालत की थी लेकिन पीसीबी ने कहा है कि उसके कानूनी सलाहकार मामले पर गंभीरतापूर्वक विचार करने के बाद ही आसिफ की सजा मुकर्रर करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।