समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक स्पेन की आधी से अधिक जनसंख्या सॉकर सिटी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण देखेगी। स्पेन की टीम पहली बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची है।
स्पेन की अब तक की सफलता ने इस देश में टेलीविजन रेटिंग के पिछले सभी रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। स्पेन में इस तरह की जश्न की तैयारी 2008 में यूरो कप के दौरान हुई थी। स्पेन ने जर्मनी को हराकर यूरो कप खिताब जीता था।
रविवार को स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के स्टेडियम-इस्तादियो बर्नाब्यू के बाहर एक विशालकाय टीवी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से 30,000 लोग खिताबी मुकाबले का लुत्फ उठा सकेंगे।
इसके अलावा पाम्प्लोना में भी जोरदार जश्न की तैयारी है। यह स्थान विदेशी और देशी पर्यटकों से इन दिनों भरा हुआ है।
यही नहीं, सेविला, ग्रानाडा, वेलेंसिया, बार्सिलोना और बिल्बाओ जैसे शहरों में भी जश्न की पूरी तैयारी है।
खिलाड़ियों के गांवों में भी जश्न की तैयारी है। जर्मनी के खिलाफ एकमात्र गोल करने वाले डिफेंडर कार्ल्स पूयोल के गांव पोब्ला दे सेगुर में रविवार को बड़ी संख्या में लोग एकसाथ मैच का लुत्फ उठाएंगे। यह स्थान लिलेडिया प्रांत में है।
जीत हो हार, स्पेन की टीम का सोमवार को मेड्रिड में जोरदार स्वागत होगा। टीम को एक परेड में शरीक होना होगा, जो ऐतिहासिक होगी। यह परेड शहर के प्रमुख स्थानों से होती हुई फुटबाल क्लब अटलेटिको मेड्रिड के स्टेडियम में जाकर खत्म होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।