त्रिकोणीय श्रृंखला : श्रीलंकाई पारी 170 रनों पर सिमटी (लीड-3)
स्थानीय रांगिरी दाम्बुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा का फैसला उस समय गलत साबित हुआ जब 83 रनों पर उसके छह प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने सर्वाधिक 45 रन बनाए जबकि स्पिन गेंदबाज सूरज रंदीव ने 43 रनों की पारी खेली। नुआन कुलसेकरा ने 22 रन बनाए। रंदीव और कुलसेकरा के बीच श्रीलंकाई पारी के दौरान आठवें विकेट के लिए सर्वाधिक 39 रनों की साझेदारी हुई।
श्रीलंका की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। प्रवीण कुमार ने उपुल थरंगा को उस समय क्लीन बोल्ड कर दिया जब मेजबान टीम के खाते में एक भी रन नहीं जुड़ा था।
थरंगा के पेवेलियन लौटने के बाद कप्तान कुमार संगकारा भी आशीष नेहरा का शिकार बन गए। वह महज दो रन ही बना सके। कुछ देर बाद 23 रनों के कुल स्कोर पर श्रीलंकाई टीम को माहेला जयवर्धने के रूप में तीसरा झटका लगा। वह चार रनों के निजी स्कोर पर कुमार की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए।
इसके बाद 44 रन के कुल योग पर थिलन समरवीरा भी पेवेलियन लौट गए। वह सात रन के निजी स्कोर पर ईशांत शर्मा के शिकार बने। मेजबान टीम ने पांचवे विकेट के रूप में तिलकरत्ने दिलशान का विकेट गंवाया। दिलशान 45 रनों के निजी स्कोर पर प्रज्ञान ओझा की गेंद पर आउट हुए। छठे विकेट के रूप में एंजेलो मैथ्यूज का विकेट गिरा। वह केवल 15 रन ही बना सके। रविंद्र जडेजा की गेंद पर उन्हें पगबाधा आउट करार दिया गया।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार, ईशांत शर्मा, स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा और रविन्द्र जडेजा ने दो-दो विकेट चटकाए जबकि आशीष नेहरा को एक विकेट मिला।
भारत के लिए इस अहम मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज युवराज सिंह नहीं खेल रहे हैं। युवराज डेंगू की चपेट में हैं। युवराज की जगह विराट कोहली को टीम में जगह दी गई है।
श्रृंखला के पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है। पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 200 रनों के अंतर से मात दी थी। उस मैच में भारतीय टीम महज 88 रनों पर ढेर हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications